फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्कूटी के आगे युवक ने बाइक अड़ाई, युवक को दिया धक्का और स्कूटी की डिग्गी से डेढ़ लाख निकालकर हुआ फरार, जांच में जुटी पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

फतेहाबाद। शहर के भूना मोड़ पर बाइक सवार युवक ने मेडिकल होलसेल दुकान के कारिंदे की स्कूटी रुकवाकर उसकी डिग्गी से डेढ़ लाख रुपये की नकदी निकाल ली और फरार हो गया। पीड़ित युवक ने इसकी सूचना पुलिस और दुकान मालिक को दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है। दूसरी ओर दुकान के मालिक ने भी इस मामले में घटना के दौरान अपने कारिंदे की गतिविधियों पर शंका जाहिर की है।
लाजपत नगर स्थित पुराने एसडीएम निवास के सामने स्थित आरएस मेडिकोज पर काम करने वाला युवक कुलदीप निवासी गांव हरिपुरा वीरवार सुबह दुकान से 1 लाख 56 हजार की नकदी अपनी स्कूटी की डिग्गी में रखकर आईडीबीआई बैंक में जमा करवाने जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बैंक के लगभग सामने स्थित भूना मोड़ से ठीक पहले पीछे से एक अज्ञात बाइक सवार ने उसकी स्कूटी के आगे अपनी बाइक लगाकर उसे रुकवा लिया। कुलदीप का आरोप है कि बाइक सवार ने उसे धक्का देकर पीछे कर दिया और स्कूटी की चाबी छीनकर उसकी डिग्गी में सेे सारे रुपये निकालकर फरार हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने वारदात के शिकार हुए युवक कुलदीप व अन्य प्रत्यक्षदर्शी युवकों से पूछताछ की तथा इसके बाद कुलदीप को अपने साथ हुड्डा चौकी में ले जाकर उससे गहन से पूछताछ करने के उपरांत उसके बयान के आधार पर फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विज्ञापन

प्रत्यक्षदर्शी बोला, पीड़ित ने न शोर मचाया और न युवक को पकड़ने का प्रयास किया
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी धर्मवीर पूनियां अपने साथ शहर थानाध्यक्ष रिछपाल साहू, सब इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र को साथ लेकर चावला चिकन कार्नर के पास स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की। पास की दुकान पर काम करने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी गोल्डी ने डीएसपी पूनियां को बताया कि घटना के दौरान जब बाइक सवार युवक ने कुलदीप के सामने डिग्गी से पैसे निकाल लिए तो ना तो कुलदीप ने शोर मचाया और ना ही बाइक सवार को रोकने या पकड़ने का कोई प्रयास किया। बाद में जब कुलदीप ने किसी अन्य व्यक्ति से फोन लेकर अपने मालिक को सूचना दी तो जाकर पता चला कि वास्तव में उसके साथ लूट हो गई है।
बैंकों की लगातार छुट्टियों के चलते इकट्ठी हो गई थी नकदी : दुकानदार
दुकान मालिक सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि उसके पास बीते पांच दिनों की कलेक्शन के चलते इतनी रकम एकत्रित हो गई थी। दरअसल पिछले पांच दिनों में सार्वजनिक अवकाश व हड़ताल के चलते वह बैंक में पैसे जमा नहीं करवा पाया था। वीरवार को उन्होंने दुकान में आते ही कुलदीप को एक लाख 56 हजार की नकदी देकर बैंक में जमा करवाने के लिए भेजा था। इसी दौरान उसके साथ उक्त वारदात हो गई।
पुलिस भी मान रही मामले को संदिग्ध
घटना के बाद मौके पर पहुंचे शहर थाना प्रभारी रिछपाल साहू व डीएसपी धर्मबीर पूनियां भी पूरे मामले का संदिग्ध मान रहे हैं। डीएसपी धर्मबीर पूनियां ने घटना स्थल पर लोगों से पूछताछ के बाद हुड्डा चौकी में जाकर कुलदीप से भी गहनता से पूछताछ की। इसके बाद डीएसपी धर्मवीर पूनियां ने कहा कि जिस हिसाब से प्रत्यक्षदर्शी बता रहे हैं कि कुलदीप ने किसी प्रकार का विरोध नहीं किया तथा ना ही कोई शोर मचाया। इसके हिसाब से मामले के संदिग्ध होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
विज्ञापन

नहीं रुक रही लूटपाट की घटनाएं
पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद जिले में लूटपाट की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। जिले में कानून व्यवस्था की बदहाल हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब दिनदहाड़े शहर के सबसे व्यस्ततम चौक से भी लुटेरे लाखों रुपये उड़ा रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें