घरेलू कलह से तंग विवाहिता ने तूड़े के कमरे में जाकर लगाई फांसी, पति, सास और दो जेठ पर मामला दर्ज
ससुरालियों पर मारपीट करने का आरोप, पंचायत में राजीनामे के बाद कुछ समय पहले ही वापस ससुराल लौटी थी मृतका
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। गांव धांगड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान मोनिका (30) के रूप में हुई है। महिला द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिलते ही सदर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया जहां पोस्टमार्टम के बाद शव मृतका के परिजनों को सौंप दिया गया। इस बीच मृतका के परिजनों की शिकायत पर सदर पुलिस ने मृतका के पति ओमप्रकाश, उसके दो जेठ व सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर लिया। मृतका मोनिका के तीन बच्चे हैं।
मृतका विवाहिता मोनिका के चाचा ओमप्रकाश ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि मृतका मोनिका अपने ससुरालजनों की रोज-रोज की कलह से परेशान थी। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि मृतका मोनिका से उसका पति, दोनों जेठ और सास आए दिन मारपीट करते थे। इसके चलते मोनिका एक बार अपने मायके वापस आ गई थी। इसके बाद इस बाबत काफी समय पहले भी एक बार पंचायत हुई थी जिसके बाद मोनिका वापस ससुराल आकर रहने लगी थी। परिजनों का आरोप है कि बीती रात भी मोनिका के ससुराजनों ने एक बार फिर उससे मारपीट की जिसके बाद उसने तंग आकर घर के बाहर की ओर बने तूड़े के कमरे में जाकर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सुबह जब परिजनों ने मोनिका को फांसी के फंदे पर लटका देखा तो शोर मचाकर सभी को इकट्ठा किया।
‘शुक्रवार सुबह सूचना मिली थी कि गांव धांगड़ में एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी है। इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने मृतका मोनिका के शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया और अब मृतका के चाचा की शिकायत पर मृतका मोनिका के पति ओमप्रकाश, दोनों जेठ व सास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।’
-रूपेश चौधरी, सदर थानाध्यक्ष, फतेहाबाद।