सत्रहमील सम्राट अशोक चौक से कुछ ही दूरी पर भगचुरी रोड पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में 30 जनवरी की रात चोरी के प्रयास का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 23 जनवरी को पीएनबी शाखा में चोरी के प्रयास की बात भी कुबूली है। एएसपी देवेंद्र पींचा ने जांबाज कांस्टेबल मुकेश वर्मा का नाम वीरता पुरस्कार के लिए भेजने और मामले का खुलासा करने वाली टीम पर इनामों की बौछार की जानकारी भी दी।
सत्रहमील सम्राट अशोक चौक के पास बॉब और 23 जनवरी को सितारगंज रोड स्थित पीएनबी की शाखा में चोरी का प्रयास करने के मामले का खुलासा करते हुए एएसपी पींचा ने बताया कि दोनों ही घटनाओं को इसी गैंग का हाथ था। पीएनबी में आरोपियों ने सब्बल से शटर के ताले तोड़कर अंदर लॉकर तोड़ने का प्रयास किया, जिसमें आरोपी असफल रहे। इसके बाद इन लोगों ने गैस कटर नोजल से बैंक लूट का इरादा बनाया।
इसके लिए आरोपियों ने एकांत में स्थित बॉब की शाखा को निशाना बनाया। आरोपियों ने 28 जनवरी को पीलीभीत से गैस कटर नोजल खरीदा, उसी दिन वापसी में बैंक की रैकी की। 30 जनवरी की रात को आरोपी दो बाइक से नौसर पहुंचे और गैस सिलिंडर चोरी किया रात 12 बजे आरोपी बैंक पहुंचे और सबसे पहले सीसीटीवी के तार काटे। इसके बाद शटर का सेंटर लॉक काटकर बैंक के अंदर तीन आरोपी घुसे यहां लगे सीसीटीवी के तार भी काटे। एक आरोपी बैंक के बाहर पैहरा देता रहा, जबकि दो अन्य बैंक से दूर खड़ी बाइक के आसपास पैहरा दे रहे थे। आरोपियों ने लॉकर की एक परत काट ली थी, लेकिन तब तक कांस्टेबल मुकेश वर्मा के मौके पर पहुंचने कारण आरोपियों की योजना विफल हो गई। आरोपियों में सुमित ने कांस्टेबल वर्मा पर फायर झोंका, जबकि नवाबुल ने चाकू से वार किया। एएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सगे-ममेरे भाई समेत छह बदमाश गिरफ्तार
सुरेंद्र उसका भाई सुमित निवासीगण नानकसागर कॉलोनी, इनका ममेरा भाई गगन निवासी नवाबगंज (बरेली), भानू वर्मा, राहुल कुमार और नवाबुल निवासीगण नानकसागर कॉलोनी। भानू वर्मा गैस वेल्डिंग का काम करता है। भानू ने ही पीलीभीत से कटर नोजल और नौसर पुल निर्माण की जगह से गैस सिलिंडर चोरी की साजिश रची थी।
आरोपियों से तमंचे और मोबाइल बरामद
खटीमा। बॉब में चोरी के प्रयास में पकड़े गए आरोपियों से तीन तमंचे, चार कारतूस और एक चाकू और घटना के समय इस्तेमाल की गई बाइक (यूके 06 एक्यू 0552) बिना नंबर की बाइक एचएफ डिलक्स बरामद की गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विरुद्घ कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। किसी और जिले में इन आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं इसकी जांच की जा रही है।
इनसेट
जांबाज कांस्टेबल मुकेश को गैलेंट्री अवार्ड के लिए संस्तुति
एएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि चोरी के प्रयास को विफल करने वाले कांस्टेबल मुकेश वर्मा का नाम गैलेंट्री अवार्ड के लिए भेजा जा रहा है। इसके अलावा महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र ने पांच हजार, एसएसपी ने 2500 और एएसपी पींचा ने 1500 रुपये का पुरस्कार पुलिस टीम को सौंपा।
खुलासा करने वाली टीम में यह रहे शामिल
बॉब में हुई चोरी के प्रयास के लिए गठित की गई पांच टीमों कोतवाल कुंवर सिंह रावत, एसआई विनोद फर्त्याल, एसआई कृष्ण कुमार, एसआई अनिल उपाध्याय, एसआई जितेंद्र कुमार, एसआई दीपक कौशिक, एसआई राजेंद्र पंत, एचसीपी गोविंद सिंह बिष्ट, कांस्टेबल नासिर, कुंदन सिंह, अर्जुन सिंह, मो. इशाक, तपेंद्र जोशी, राजेंद्र प्रसाद, संजय शर्मा, हरेंद्र थापा, प्रकाश चंद्र जोशी एवं एसओजी टीम में निरीक्षक तुषार बोरा, एसआई पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रकाश भगत, सुबोध शर्मा, संतोष रावत, बलवंत सिंह, खीम सिंह, मदन लाल। थाना झनकइया से एसओ प्रभात कुमार, आनंद, प्रभात, महावीर सिंह थाना नाकमता से एसओ अशोक कुमार और रघुनाथ गोस्वामी शामिल रहे।
सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस से खुला मामला
बॉब में हुए चोरी के प्रयास का पूरा मामला सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस से खुला। घटना स्थल पर उस समय मिले फोन, गैस सिलिंडर जहां से उठाया उस जगह के आसपास के सीसीटीवी फुटेज से इस मामले के खुलासे में मदद मिली। आरोपियों तक जब पुलिस पहुंची तो वे सभी दिल्ली भागने की फिराक में थे।