अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना (फतेहाबाद)।
देर रात टोहाना के सामान्य अस्पताल में एक व्यक्ति ने चिकित्सक व अन्य कर्मचारियों को परेशान किया। तंग आकर चिकित्सक डॉ. जावेद ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति के खिलाफ सरकारी काम मे बाधा डालने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भय के साए में चिकित्सकों ने सरकार से पुलिस सुरक्षा देने की मांग की है।
रविवार रात 12.30 बजे आपातकालीन कक्ष में डा जावेद मरीजों की जांच कर रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति अस्पताल के आपातकालीन विभाग में घुस आया व अपनी हरकतों से अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. जावेद व स्टाफ नर्स को परेशान कर दिया। आरोपी की हरकतें सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई, जिसमें वो कभी चिकित्सक तो कभी स्टाफ नर्स को तंग करता दिख रहा है। बाद में मौके पर पहुंची टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. सतीश गर्ग ने बताया कि रात्रि के समय एक व्यक्ति ने आकर पहले तो इमरजेंसी वार्ड में हंगामा किया और उसके बाद लेबर रूम में हंगामा किया। यहां डॉ. जावेद ड्यूटी पर थे। उन्होंने पुलिस को कॉल किया तो जाकर आरोपी व्यक्ति काबू आया। इस बारे में थाना शहर प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर सरकारी काम में बाधा डालने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अस्पताल में घुसकर चिकित्सक और नर्स को किया तंग, काबू
चिकित्सकों ने की सरकार से पुलिस सुरक्षा देने की मांग