अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
वीरवार को निजी बस परिचालक व छात्रों के बीच टिकट को लेकर हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को दूसरे दिन उक्त छात्रों के कुछ अन्य साथियों द्वारा निजी बस को गांव लाली के पास रोक लिया गया। चालक गुरनाम सिंह ने आरोप लगाया कि दर्जनों हथियारों से लैस लोगों द्वारा उससे मारपीट की गई और बस के शीशे तोड़ दिए। बाद में निजी बस चालकों ने उक्त रूट पर बसों की हड़ताल कर दी। चौकी इंचार्ज देवी लाल ने मौके पर पहुंचकर बस चालकों-परिचालकों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर बस सेवा बहाल की। इस दौरान जिन युवकों पर केस दर्ज हुए, उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने उनको भी शांत किया।
वीरवार को एक निजी बस परिचालक व कलोठा के कुछ छात्रों के बीच टिकट विवाद में मारपीट हो गई थी। पुलिस ने परिचालक सुखचैन की शिकायत पर दो छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। उक्त निजी बस शुक्रवार सुबह अलीका से चलकर रतिया आ रही थी। बस को चालक गुरनाम चला रहा था। गुरनाम ने आरोप लगाया कि बस ज्यों ही लाली गांव के पास पहुंची तो वीरवार के विवाद में शामिल छात्रों के दर्जनों साथियों ने बस को रोक लिया और परिचालक सुखचैन को ढूंढने लगे। बस में यात्रियों ने परिचालक सुखचैन को बस में छुपा दिया।
गुरनाम का आरोप है कि इसके बाद उक्त लोगों ने बस में तोड़फोड़ करते हुए उसके साथ मारपीट की। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस को आते देख उक्त छात्र मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद रतिया-अलीका रूट पर चलने वाली निजी बस चालकों ने हड़ताल कर दी। चौकी इंचार्ज देवीलाल ने बस स्टैंड पहुंचकर चालक-परिचालकों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद इस रुट पर बसें बहाल की।
निजी बस एसोसिएशन के प्रधान जोगेंन्द्र तनेजा ने बताया कि वीरवार को टिकट विवाद के चलते शुक्रवार को भी गांव लाली में परिचालक से मारपीट की। जिससे बस चालकों में रोष है। उन्होंने कहा कि एक तो युवक टिकट नहीं कटवाते हैं, अगर इनको टिकट के लिए कहो तो गुंडागर्दी पर उतार आते हैं।
जब इस बारे में थानाध्यक्ष यादविन्द्र सिंह ने बताया कि जिन दो छात्रों ने परिचालक से मारपीट की थी, उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शुक्रवार को जिन लोगों ने मारपीट की है, उनके खिलाफ शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस मामले में डीएसपी रविन्द्र तोमर ने बताया कि वीरवार को बस परिचालक व छात्रों में झगड़ा हुआ था, इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी इन्हीं छात्रों ने बस चालक पर हमला किया था। इनमें से कुछ युवकों को पुलिस ने राउंड-अप कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।