रतिया। फतेहाबाद रोड पर बुधवार सुबह सड़क हादसे में अजीतसर ढाणी निवासी 55 वर्षीय कर्मजीत उर्फ कर्मा की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी सरबजीत कौर (45) और बेटा अमृत सिंह (22) घायल हो गए।
हादसा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के सामने उस समय हुआ जब स्कूटी के सामने अचानक एक बेसहारा गाय आ गई। स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। करमजीत को सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल पत्नी और बेटे को तुरंत स्थानीय नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। करमजीत अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। स्थानीय निवासी कृष्ण, कर्मवीर, बिट्टू और आशीष ने बताया कि सड़क पर घूम रहे बेसहारा पशु लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं और प्रशासन को जल्द अभियान चलाकर उन्हें पकड़ना चाहिए।