टोहाना (फतेहाबाद)। चलती रेलगाड़ी में महिला से छेड़छाड़ करने व नीचे फेंकने के आरोपी गांव कालवन निवासी संदीप को दो दिन के रिमांड के बाद पुलिस ने सोमवार को फिर से अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में हिसार भेज दिया है।
बता दें कि वीरवार 1 सितंबर की रात को रोहतक से टोहाना आ रही महिला से आरोपी संदीप ने पहले नशे की हालत में छेड़छाड़ की। इसके बाद विरोध करने पर उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। इस कारण महिला की मौत हो गई। अगले दिन पुलिस ने संदीप को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया था। संदीप के खिलाफ मृतका के पति की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
जीआरपी के जांच अधिकारी धर्मपाल ने बताया कि आरोपी संदीप को दो दिन के रिमांड के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में हिसार भेज दिया गया है। आरोपी से रिमांड के दौरान कपड़े बरामद किए गए हैं तथा घटनास्थल पर जाकर निशानदेही भी करवाई गई है। आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड जांच में सामने नहीं आया है। पुलिस ने मामले को लेकर पूरे सबूत जुटा लिए हैं।
जीआरपी चौकी बनाने की मांग ने पकड़ा जोर
टोहाना में जीआरपी चौकी स्थापित करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। लगातार लोग चौकी बनाने की मांग उठा रहे हैं। अब रेलवे मंत्रालय को अमर उजाला में छपी खबर की कटिंग ट्वीट करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप धीमान ने लिखा है कि रेलवे स्टेशन पर व्यापारियों, यात्रियों व महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस चौकी बनानी जरूरी है। अगर टोहाना स्टेशन पर चौकी होगी तो अपराधियों में डर बना रहेगा।