फतेहाबाद। लंपी पॉक्स बीमारी से भट्टू कलां क्षेत्र में पांच व रतिया क्षेत्र में एक गाय की मौत हुई है। जिले में सोमवार को लंपी के 39 नए केस सामने आए, वहीं 80 पशु बीमारी से ठीक हुए हैं। जिले में पशुओं के लंपी से ठीक होने का रिकवरी रेट साढ़े 78 फीसदी तक पहुंच गया है।
फतेहाबाद जिले में अब तक लंपी के 2409 केस सामने आ चुके हैं। जिनमें 1892 पशु ठीक हो गए हैं और 405 पशुओं का इलाज चल रहा है। जिले में सोमवार को 39 नए केस मिले हैं और 80 पशु ठीक हुए। वहीं जिले के भट्टू कलां क्षेत्र के गांव चुलीकलां, मेहुवाला, बनमंदौरी, खाबड़ा कलां व बोदीवाली तथा रतिया क्षेत्र के गांव खुंबर में एक-एक गाय की लंपी से मौत हुई है। जिले में अब तक 111 गायों की लंपी से मौत हो चुकी है। वहीं पशुपालन विभाग ने जिले में एक लाख आठ हजार पशुओं को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा है। सभी डोज विभाग के पास आ गई हैं। सोमवार को 2500 पशुओं को लंपी की डोज लगाई गई और अब तक जिले में 93 हजार 500 पशुओं को डोज लगाई जा चुकी है।
जिले में लंपी का असर अब लगातार कम होता जा रहा है। जो पशु बीमार हुए हैं, वह ठीक हो रहे हैं। पशुपालक अभी भी ध्यान रखें और पशुओं में अगर ऐसा कोई संक्रमण दिखाई देता है तो तुरंत नजदीक के पशु अस्पताल में चिकित्सकों से संपर्क करें।
-डॉ. सुखविंद्र, उपनिदेशक, पशुपालन विभाग, फतेहाबाद।