फतेहाबाद। गांव चिंदड़ निवासी युवक और उसकी पत्नी से विदेश में वीजा लगवाने के नाम पर 35 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवक के भाई की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोपियों में गांव अलालवास निवासी संजय ढूकिया, उसके पिता भगवंत दयाल ढूकिया, अनूप कुमार, पंजाब के जिला संगरूर के अवतार सिंह व चंडीगढ़ निवासी रजत गुप्ता शामिल हैं। इन पर इकोनॉमिक सेल की जांच के बाद सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है। जांच अधिकारी प्रहलाद सिंह का कहना है कि आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद
-
साइबर ठगी करवाने का आरोपी सिरसा का युवक गिरफ्तार
फतेहाबाद। नौकरी के नाम पर जिले के तीन युवकों को म्यांमार में फंसाकर साइबर ठगी करवाने के आरोपी सिरसा जिले के गांव कैरावाली निवासी दीपक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 19 नवंबर को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर यह कार्रवाई की है।
इकोनॉमिक सेल प्रभारी संदीप ने बताया कि गांव धोलू निवासी राहुल ने पुलिस को शिकायत दी थी। राहुल के अनुसार उसे और उसके दो साथियों को उसी के गांववासी अंकित और गांव काताखेड़ी निवासी अमरदीप सिंह को नौकरी के झांसे में थाईलैंड के रास्ते म्यांमार भेजा गया। उनके डिपॉर्ट होने के बाद ठगी का खुलासा हुआ था।
राहुल के अनुसार वहां उन्हें बंधक बनाकर साइबर फ्रॉड के काम में लगाया गया। इसमें डेटिंग साइटों के माध्यम से अमेरिका के 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों से पैसों की ठगी करवाई गई। आरोप है कि उन्हें म्यांमार में बंधक बनाकर 5 लाख रुपये भी मांगे गए थे। पैसा नहीं देने पर उन्हें नौकरी छोड़ने की अनुमति नहीं थी।