फतेहाबाद। निजी स्कूल की शिक्षक को निवेश का झांसा देकर ठगी कर ली गई। टीचर ने झांसे में आकर 39,615 रुपए गंवा दिए। टीचर ने इसकी ऑनलाइन शिकायत दी है। इसके बाद भूना थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। गांव धोलू के निजी स्कूल की टीचर सुनीता देवी ने बताया कि 20 दिसंबर को उसने टेलीग्राम पर इन्वेस्टमेंट के नाम से एक एड देखी। उस पर क्लिक करते ही उसके व्हाट्स एप नंबर पर लिंक ओपन हो गया। जिस पर उनका मैसेज आया कि कितना इन्वेस्ट करना है, उसकी डिटेल भेजो। उसने दो हजार रुपए इन्वेस्ट करने के बारे में रिप्लाई कर दिया। इस पर उन्होंने एक स्कैनर भेजा, जिस पर उसने दो हजार रुपये भेज दिए। उस पर उसे कहा गया कि दो हजार रुपये वाला स्लॉट फुल हो गया है। हम आपका पैसा पांच हजार रुपये वाले स्लॉट में डाल रहे हैं, तो आप तीन हजार रुपये और भेज दो। इस पर उसने उसी स्कैनर पर तीन हजार रुपये और भेज दिए। आरोप है कि बातों में उलझाकर उससे साढ़े 39 हजार से ज्यादा रुपये की ठगी कर ली गई।
-
विदेश भेजने के नाम पर ठगी की आरोपी महिला गिरफ्तार
टोहाना। आर्थिक अपराध शाखा ने विदेश में वीजा लगवाने के नाम पर ठगी करने की आरोपी उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर निवासी प्रियंका भाटिया को गिरफ्तार किया है। शाखा प्रभारी संदीप ने बताया कि सिरसा के गांव नरेला निवासी हरप्रीत ने शिकायत दी थी कि आरोपी प्रियंका भाटिया ने न्यूजीलैंड का वीजा लगवाने के नाम पर उनके 2,91,500 रुपये ठग लिए। शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
-
ऑनलाइन पेमेंट फ्रॉड मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
फतेहाबाद। थाना शहर पुलिस ने ऑनलाइन पेमेंट फ्रॉड मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी तेजस चाहर और संदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। थाना शहर प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा ने बताया कि शिकायतकर्ता सोनिया निवासी शिवनगर ने शिकायत दी थी कि 8 दिसंबर को उसके मोबाइल फोन नंबर पर कॉल आई। उसने स्वयं को पति की दुकान से सामान खरीदने वाला बताकर ऑनलाइन भुगतान भेजने के नाम पर पेमेंट रिक्वेस्ट स्वीकार करवाई। इसे स्वीकार करते ही सोनिया के खाते से पांच हजार रुपये कट गए थे। इसी मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।