जाखल। क्षेत्र के गांव दीवाना निवासी युवक को कनाडा भेजने का सपना दिखाकर 8 लाख 57 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी पति-पत्नी को जाखल थाना पुलिस ने पंजाब के मोहाली से धर दबोचा है।
पुलिस ने आरोपी दंपती से पांच लाख रुपये की राशि भी बरामद की है। जाखल पुलिस ने आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस इस फर्जी वीज़ा रैकेट में संलिप्त लोगों का पता लगाने का प्रयास करेगी। इस मामले में पीड़ित जश्नदीप की शिकायत पर जाखल पुलिस ने 30 जनवरी को मामला दर्ज किया था।
जाखल थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि गांव दीवाना निवासी जश्नदीप ने बीते दिनों पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि पंजाब के फिरोजपुर के रहने वाले जितेंद्र सिंह उर्फ जोत व उसकी पत्नी पिंकी द्वारा मोहाली में सक्सेस फ्यूचर वीजा कंसल्टेंट नेटवर्क नाम से कार्यालय स्थापित किया हुआ है, जहां से उनके द्वारा वीजा लगवा कर विदेश भेजने का दावा किया जाता है।
शिकायतकर्ता जश्नदीप ने बताया कि आरोपी पति-पत्नी द्वारा उसे कनाडा का वर्क वीज़ा दिलाने का लालच देकर उसके पासपोर्ट और मूल दस्तावेज़ ले लिए और उससे 8 लाख 57 हजार रुपये भी वसूल लिए।