फतेहाबाद। शहर के एक वार्ड पार्षद व उसके साथी पर महिला को झांसे में लेकर बैंक खाता खुलवा कर अवैध लेनदेन करने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत शहर पुलिस के पास पहुंची है। महिला के खाते में लाखों रुपयों की ट्रांजेक्शन भी हुई है।
शहर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने गुरुनानक पुरा चौकी व इकोनॉमिक सेल में शिकायत देकर वार्ड पार्षद और उसके साथी पर उसे धोखे में रखकर खाता खुलवाकर लाखों रुपयों की ट्रांजेक्शन करने का आरोप लगाया है। संदेह होने पर शिकायत दी गई है। आशंका है कि बैंक खाते का इस्तेमाल क्रिकेट सट्टे को लेकर अवैध लेनदेन के लिए किया जा रहा था। हालांकि, कितने बड़े पैमाने पर बैंक खाता प्रयोग हुआ है, यह पुलिस जांच में ही स्पष्ट हो पाएगा। बताया जा रहा है कि खाता अप्रैल में खोला गया था। इस खाते में 20 लाख रुपये से ज्यादा की कई बार ट्रांजेक्शन हुई है। बैंक मुख्यालय ने खाते को एंटी मनी लॉन्ड्रिंग सूची में डाला था। मुख्यालय से सूचना मिलने पर खाता धारक को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर खाते को ब्लॉक कर दिया गया था। अब खाते में नाममात्र रुपये जमा है। खाते में सारी रकम ऑनलाइन आई और ऑनलाइन ही दूसरे खातों में ट्रांसफर हो गई। संवाद
कोट
संबंधित मामले की शिकायत चौकी और इकोनॉमिक्स सेल में आई है। शिकायत को लेकर दोनों पक्षों को बुलाकर जांच शुरू की जाएगी।
राधेश्याम, इंचार्ज, गुरुनानकपुरा चौकी