जिले में वैक्सीन की कमी के चलते सोमवार को टीकाकरण अभियान ढीला रहा। 31 सेंटरों पर 1392 लोगों को ही कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। फतेहाबाद क्षेत्र में नागरिक अस्पताल में ही वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। इसके अलावा अन्य सेंटरों पर कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई।
जिले में सोमवार को कोविशील्ड की 647 लोगों को पहली, 158 लोगों को दूसरी, कोवैक्सीन की 68 लोगों को पहली तथा 519 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। जिले में अब तक 229725 लोगों को पहली डोज लग चुकी है। इसके अलावा 42604 लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। राहत की बात यह है कि शाम को जिले कोविशील्ड की पांच हजार डोज अलॉट हुई है। मंगलवार को अभियान में तेजी आ सकती है।
मेरा गांव सुरक्षित गांव के तहत ढाणी शेखुवाली में 100 फीसदी टीकाकरण पूरा हो गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुनीता सोखी ने बताया कि गांव में 562 लोगों का टीकाकरण होना था। यहां पर अभियान चलाकर सभी लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगा दी है।