फतेहाबाद के स्वामी नगर में विरोध जताते हुए स्थानीय लोग स्त्रोत जागरूक पाठक
फतेहाबाद। शहर के स्वामी नगर में सीवरेज डिस्पोजल टैंक के निर्माण पर बुधवार सुबह विवाद हो गया। स्थानीय लोगों ने प्रस्तावित निर्माण का विरोध करते हुए हंगामा किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि दान दी गई जगह पर पहले धर्मशाला या आंगनबाड़ी केंद्र बनाने की सहमति बनी थी वहां अब जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से सीवरेज डिस्पोजल टैंक बनाया जा रहा है।
लोगों ने कहा कि किसी भी कीमत पर ये टैंक नहीं बनने देंगे। इसके यहां बनने से बीमारियां फैलने का खतरा बना रहेगा। विरोध कर रहे संदीप कुमार, सुखदेव सिंह ने बताया कि स्वामी नगर में बसंत लाल बजाज ने करीब 10 मरले जमीन ट्यूबवेल के लिए दान में दी थी। बाद में ट्यूबवेल बंद होने पर इस स्थान का उपयोग धर्मशाला निर्माण के लिए करने का निर्णय लिया गया था।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अब बिना उनकी सहमति के यहां डिस्पोजल टैंक बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे क्षेत्र में गंदगी और बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। प्रदर्शन कर रहे संदीप कुमार, सुखदेव सिंह, हंसराज, बलजीत सिंह और राजेश कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले जेसीबी से जमीन की खुदाई शुरू की गई थी जिसे लोगों के विरोध के बाद रुकवा दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन किया जाएगा।
24 करोड़ से डाली जा रही है पाइप लाइन
लोगों का कहना है कि स्वामी नगर, हंस कॉलोनी और हरनाम सिंह कॉलोनी क्षेत्र में करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज परियोजना के तहत डिस्पोजल टैंक का निर्माण हो रहा है। हालांकि, वे इस स्थान को इसके लिए उपयुक्त नहीं मानते और दान में दी गई जमीन का उपयोग जनहित में धर्मशाला जैसी सुविधा के लिए करने की मांग कर रहे हैं। डिस्पोजल टैंक को दूसरी जगह पर बनाया जाए।
जगह को लेकर एतराज जताया जा रहा है। दूसरी जगह की तलाश की जाएगी। जगह मिलने पर ही आगे की प्रक्रिया हो सकती है, क्योंकि डिस्पोजल टैंक जरूरी है।
- बलविंद्र, जेई