रतिया में सड़क निर्माण न होने पर विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त करते ग्रामीण,स्त्रोत ग्रामीण
रतिया। नंगल-बलियाला मार्ग पर छह माह से अधूरा सड़क निर्माण ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। बुधवार को कई गांवों के लोगों ने भाखड़ा नहर पुल पर एकत्रित होकर विभाग और ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा जल्द काम शुरू नहीं होने पर चक्का जाम की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने बताया कि जिला परिषद के तहत इस सड़क की चौड़ाई 12 फीट से बढ़ाकर 18 फीट की जानी थी। पिछले साल नवंबर में निर्माण की शुरुआत के साथ पत्थर डाले गए लेकिन उसके बाद काम पूरी तरह ठप हो गया। अब स्थिति यह है कि पत्थर उखड़कर सड़क पर फैल गए हैं, जिससे मार्ग खतरनाक बन चुका है।
नुकीले पत्थरों के कारण दोपहिया वाहन फिसलने की घटनाएं बढ़ गई हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं। इसके साथ ही वाहनों के टायर फटने से आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। खराब रास्ते के चलते वैन चालकों ने गांवों में आना बंद कर दिया है। इस कारण अभिभावकों को बच्चों को अन्य गांवों तक छोड़ना पड़ रहा है।
ग्रामीणों प्रदीप सिंह, भूपेंद्र सिंह, तुलसी दास और कुलदीप घारू ने बताया कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। कई बार अधिकारियों से संपर्क किया गया मगर आश्वासन ही मिला। प्रदर्शन के दौरान परमजीत मठाडू, तीर्थ दास, अनिल वर्मा, जसवीर अठवाल, भजन सिंह, प्रेम कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रतिया में सड़क निर्माण न होने पर विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त करते ग्रामीण,स्त्रोत ग्रामीण