फतेहाबाद। गांव भट्टू खुर्द में खेत में बने दादा-दादी के कमरे पर हक को लेकर विवाद हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर मारपीट करने और कीटनाशक स्प्रे पिलाने का आरोप लगाया है। मामले में सदर पुलिस ने भट्टूखुर्द निवासी मोहनलाल की शिकायत पर आरोपी देवेंद्र सिंह, सावित्री देवी और विजय के खिलाफ जहरीला पदार्थ देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
मामले के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में मोहनलाल ने बताया कि उसके चाचा की ढाणी में उसके दादा-दादी कमरा बनाकर रहते थे। दोनों की मौत हो चुकी है, दादा-दादी के कमरे में उसके पिता आधे के हकदार थे। कमरे को लेकर पिछले दो-तीन से झगड़ा चल रहा है। आरोप है कि एक अप्रैल को जब वह कमरा खोलने लगा तो मौसी भट्टूखुर्द निवासी सावित्री देवी, देवेंद्र व उनका रिश्तेदार विजय निवासी खारियां झगड़ा करने लगे और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मौसी सावित्री ने उसके मुंह में कीटनाशक डाल दी। इसके बाद वह छुड़वाकर कमरे में जाकर छिप गया। आरोपियों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया लेकिन नहीं खुला। इसके बाद उसने फोन से अपने परिवार को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।