फतेहाबाद। भुगतान न होने पर ठेकेदार ने नगर परिषद परिसर में बन रहे शौचालय का निर्माण बीच में बंद कर दिया है। करीब एक माह से काम बीच में रुका हुआ है। शौचालय बनकर तैयार न होने से नगर परिषद के कर्मचारियों के अलावा करीब 950 दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
हालात यह है कि दुकानदार अधर में अटके शौचालय का ही इस्तेमाल कर रहे हैं। इस कारण यहां पर न सफाई हो पा रही है, इस कारण गंदगी फैल रही है। नगर परिषद के साथ बने पालिका बाजार, मोबाइल मार्केट, हिसार-सिरसा रोड और थाना रोड के दुकानदार यहां बने शौचालय का इस्तेमाल करते हैं।
वजह यह है कि थाना रोड के शौचालय को जर्जर घोषित किया जा चुका है और इसे पहले ही बंद किया हुआ है। ऐसे में नगर परिषद ने परिसर के अंदर शौचालय के निर्माण के लिए एजेंसी को ठेका दिया हुआ है लेकिन यहां पर कार्यकारी अभियंता और जेई न होने से बिल पास नहीं हो रहे हैं।
-
नगर परिषद परिसर के अंदर शौचालय का निर्माण 6 माह बाद भी पूरा नहीं हुआ है। इस कारण मोबाइल फोन मार्केट के दुकानदारों को परेशानी हो रही है।
- गगन कुमार, दुकानदार, मोबाइल फोन मार्केट।
-
पालिका बाजार में अलग से शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए लेकिन यहां पर नहीं है। थाना रोड का शौचालय भी बंद है। ऐसे में ग्राहकों को भी परेशानी होती है।
- विनोद अरोड़ा, दुकानदार
-
ठेकेदार ने कुछ कारणों से काम बंद किया हुआ है। इसको जल्द शुरू करवा दिया जाएगा। किसी को भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-नरेंद्र पंवार, एमई, नगर परिषद