फतेहाबाद। मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर काम करने वाले युवक से कांग्रेस नेता अनूप डच के बेटे दर्पण द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। युवक की कांग्रेस नेता के बेटे दर्पण से कुछ माह पहले कहासुनी हुई थी। इस रंजिश में दर्पण ने अपने छह दोस्तों के साथ मिलकर युवक के हाथ पैर तोड़ दिए। पुलिस ने युवक की शिकायत पर दर्पण समेत सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में अशोक नगर निवासी बंटी चावला ने आरोप लगाया है कि वह फव्वारा चौक स्थित एक मोबाइल शॉप पर रिपेयरिंग का काम करता है। 9 दिसंबर की देर शाम करीब साढ़े 8 बजे वह अपने दोस्त नवीन की स्कूटी लेकर हुडा सेक्टर तीन की मार्केट में बर्गर लेने गया था। बर्गर की दुकान पर वाल्मीकि चौक निवासी दर्पण डच आया, जिसके साथ उसकी करीब डेढ़दो महीने पहले कहासुनी हुई थी। दर्पण दुकान पर उसे देखकरे गाली-गलौज करने लगा और विरोध करने पर साइड में जाकर दोस्तों को बुला लिया। इसके बाद में गाड़ी में उसके दोस्त आए, जिनमें प्रशांत व शुभम के हाथ में गंडासी थी, उन्होंने उसके साथ हाथापाई की और दर्पण ने गंडासी से हमला कर दिया। फिर गाड़ी में साथ आए अभिषेक अटवाल उर्फ पुतिया, अरुण सारसट, सन्नी अटवाल उर्फ कबाड़ी ने भी मारपीट की। हमलावरों के साथ और भी युवक थे, जो डंडे लिए हुए थे। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए तो दर्पण जान से मारने की धमकी देते हुए साथियों के साथ फरार हो गया। गंभीर हालत में बंटी को पहले फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसके बाद बंटी का भाई विक्रम उसे हिसार के निजी अस्पताल में लेकर गया।
पुलिस को अशोक नगर निवासी बंटी चावला की ओर से मारपीट करने और धमकी देने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी दर्पण, प्रशांत, शुभम, अभिषेक उर्फ पुत्तिया, अरुण, सन्नी उर्फ कबाड़ी व एक नामालूम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच जारी है। - सुरेंद्रा, एसएचओ, शहर थाना पुलिस
कांग्रेस में सीनियर साथी हैं अनूप डच, बेटे पर केस के बारे में पता नहीं
अनूप डच हमारे सीनियर नेता हैं और लंबे समय से वे कांग्रेस में हैं। लेकिन उनके बेटे के इस तरह की घटना में शामिल होने या बेटे के खिलाफ केस आदि के बारे में मुझे जानकारी नहीं है।
- अरविंद शर्मा, जिला कॉओर्डिनेटर, कांग्रेस
मेरे बेटे ने नहीं किया कोई झगड़ा, किसी और के झगड़े में बंटी ने किया गाली-गलौज: अनूप डच
मैं कांग्रेस में कार्यकर्ता की भूमिका में हूूं। मेरा बेटा सेक्टर 3 की तरफ अपने दोस्तों के साथ गया था। वहां पर बंटी ने मेरे बेटे दर्पण के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद बंटी ने मौके पर अपने लोग बुला लिए। हमारा किसी से कोई झगड़ा नहीं रहा है, बंटी को ना मैं जानता हूं और न ही मेरा बेटा जानता है। झगड़ा किसी और का था और बाद में बीच में मेरे बेटे का नाम लिया गया।
अनूप डच, कांग्रेस नेता, फतेहाबाद