कुलां। कुलां चौक पर जाम की स्थिति। संवाद
कुलां। भूना रोड से जाखल रोड को जोड़ने वाले कुलां चौक पर जाम लगने की समस्या गंभीर बनी हुई है। चौक पर लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसका सीधा असर बाजार में आने-जाने वाले वाहन चालकों, दुकानदारों और आम राहगीरों पर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त समय में स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहते हैं। दुकानदारों के अनुसार सुबह से शाम तक चौक पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहने के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वहीं पैदल राहगीरों और स्कूली बच्चों को सड़क पार करने में भी दिक्कत होती है। जाम के दौरान एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी रास्ता मिलने में परेशानी होती है। त्योहार के दौरान बाजार में भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने से समस्या और गंभीर हो जाती है।
ग्रामवासी कमल सरदाना, राकेश गर्ग, नरेश सिंगला, पवन बांसल और कर्णजीत देओल आदि ने बताया कि कुलां चौक पर जाम की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इस संबंध में कई बार प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
-
भविष्य को ध्यान में रखते हुए ठोस व्यवस्था बने
ग्रामीणों का कहना है कि चौक पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है इसलिए भविष्य को ध्यान में रखते हुए ठोस व्यवस्था किए जाने की जरूरत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कुलां चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि फ्लाईओवर बनने से मुख्य मार्ग पर यातायात सुचारू हो सकेगा और बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम होगा। इससे जाम की समस्या से राहत मिलने के साथ-साथ पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय दुकानदारों को भी सुविधा मिलेगी।