टोहाना। चंडीगढ़ रोड पर टाटा मैजिक और ब्रेजा कार के बीच मंगलवार सुबह करीब 10 बजे टक्कर हो गई, जिससे दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस हादसे में टाटा मैजिक चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि ब्रेजा चालक ने अपनी गाड़ी की तेज रफ्तार को कारण बताया है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु करवाई।
यातायात पुलिस इंचार्ज अजमेर सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों के चालकों ने एक-दूसरे पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। टाटा मैजिक के चालक सुभाष ने बताया कि वह टोहाना से पंजाब के मूनक की ओर नैपकिन लेकर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही ब्रेजा गाड़ी ने तेज रफ्तार से उनकी गाड़ी को टक्कर मारी। इस टक्कर में टाटा मैजिक पलट गई, जिसके कारण उसे सिर और पैर में मामूली चोट आई, जबकि गाड़ी को भी गंभीर नुकसान हुआ। सुभाष ने कहा कि ब्रेजा की रफ्तार अधिक होने के कारण ही हादसा हुआ।
वहीं, ब्रेजा कार के चालक जगदीप सिंह ने बताया कि वह गुरदासपुर से टोहाना आ रहे थे और उनकी गाड़ी की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे थी। उनका आरोप है कि टाटा मैजिक चालक ने गलत दिशा में गाड़ी चलाकर टक्कर मारी, जिससे उसकी गाड़ी को भी नुकसान हुआ। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।