नेशनल हाईवे पर गांव खाराखेड़ी के पास धुंध के कारण सोमवार सुबह हरियाणा रोडवेज और पंजाब रोडवेज बसों में आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे दोनों बसें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। सूूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बसों को कब्जे में लिया। हादसे में घायल यात्रियों को अग्रोहा मेडिकल में दाखिल कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह 6 बजे के करीब गांव खाराखेड़ी के पास हिसार से डबवाली की ओर जा रही पंजाब रोडवेज तथा सिरसा से दिल्ली जा रही हरियाणा रोडवेज की बस में ओवरटेक के चक्कर में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। दुर्घटना में दो यात्री घायल हो गए, जिन्हें अग्रोहा मेडिकल ले जाया गया। सूचना मिलने पर बस स्टैंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बसों को हाईवे से हटाया। बसों में सवार अन्य सवारियों को हल्की चोटें आईं। उन्हें दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
ढाणी माजरा में हादसा, तीन घायल
गांव भिरड़ाना से फतेहाबाद की ओर आ रही टाटा-एस धुंध के चलते ढाणी माजरा में बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर से टाटा-एस में सवार तीन लोग घायल हो गए।