जाखल। शहर के दुर्गा कॉलोनी निवासी रेलवे कर्मचारी की बुधवार शाम को हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में जाखल पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है। मृतक की पत्नी रेणु के बयान के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई अमल में लाई गई है।
गौरतलब है कि 30 वर्षीय अमित कुमार का शव उसके घर पर ही खून से लथपथ हालत में मिला था। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया था। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बताया गया है कि हदयाघात के कारण अमित कुमार का निधन हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। जाखल थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि रेलवे कर्मचारी अमित कुमार की मौत के मामले में उसकी पत्नी रेणु द्वारा पुलिस के समक्ष दिए गए बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है। अमित के स्वजनों ने बताया कि बुधवार शाम को अमित अपनी ड्यूटी कर जब घर आया था तो उस समय कोई सदस्य घर पर नहीं था। उसी दौरान अमित को अचानक से हृदयाघात होने के कारण वह नीचे गिर गया था तथा मौके पर ही उसकी मौत हो गई।