फतेहाबाद। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कुमारी सैलजा की ओर से फतेहाबाद जिले की सेमग्रस्त भूमि की समस्या को लेकर उठाए गए मुद्दे पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी पत्र में मुख्यमंत्री ने कुमारी सैलजा को संबोधित करते हुए कहा है कि जिले के कई गांवों में सेमग्रस्त भूमि की स्थिति में सुधार के लिए राज्य सरकार गंभीर है और इस दिशा में पहले से किए जा रहे कार्यों को और गति देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि कुमारी सैलजा की ओर से पूर्व में भेजे गए पत्र 16 मई 2025 में जिन गांवों बनमंदोरी, खाबड़ा कलां, बड़ोपल तथा चबलामोरी का उल्लेख किया गया था, वहां सोलर प्रचलित कम गहराई वाले ट्यूबवेल लगाकर भूमि सुधार कार्य पहले ही प्रारंभ किया जा चुका है।
इस योजना से लगभग 10,000 एकड़ भूमि को पुन: कृषि योग्य बनाया जा रहा है। अब अगली कड़ी में मोहम्मदपुर रोही व खजूरी जाटी जैसे गांवों में भी सोलर ट्यूबवेल लगाने व नहरों से सिंचाई सुविधा के विस्तार के निर्देश संबंधित विभागों को दे दिए गए हैं।