पांच सितंबर को अपनी जन आशीर्वाद यात्रा लेकर फतेहाबाद जिले में आ रहे मुख्यमंत्री मनोहर लाल का विशेष रथ फतेहाबाद जिले में कुल सौ किलोमीटर घूमेगा। यह पहली बार होगा कि सीएम फतेहाबाद में इतना लंबा सफर तय करेंगे। ऐसे में पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए लगातार मंथन कर रहा है और यात्रा के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था ऐसी की जा रही है कि सीएम के आसपास कोई परिंदा भी पर ना मार सके। एसपी विजय प्रताप ने मंगलवार को उपायुक्त के साथ हुई पत्रकार वार्ता के दौरान जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान सुरक्षा इंतजाम की विस्तृत जानकारी दी।
जिले में आठ जगहों पर लगाए गए नाके
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री की प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यात्रा के लिए 450 सुरक्षाकर्मी लगाए गए है। 7 डीएसपी कार्यक्रम में स्वागत व जनसभाओं के स्थान पर निगरानी के लिए लगाए गए हैं। जिला में आठ जगहों पर नाके भी लगाए गए है। मुख्यमंत्री पहले दिन 82 किलोमीटर तथा दूसरे दिन 18 किलोमीटर यात्रा करेंगे।
सनियाना से यात्रा शुरू होकर पपीहा पार्क में होगी संपन्न
5 सितंबर को 3 बजे से सनियाना से शुरू होने वाले वाली यात्रा इसी दिन शाम को 8 बजे पपीहा पार्क पर समाप्त होगी। दूसरे दिन 6 सितंबर को मुख्यमंत्री की यात्रा जिला में 18 किलोमीटर की यात्रा करते हुए सिरसा जिला में प्रवेश करेगी।
विस चुनाव में दो सौ पुलिसकर्मी अतिरिक्त मांगेगा विभाग
पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि जिला में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। लोकसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा के लिए 2549 सुरक्षाकर्मी लगाए गए थे और 68 पैट्रोलिंग पार्टी तैनात की गई थी। इस बार विधानसभा चुनाव में 200 सुरक्षाकर्मी अतिरिक्त बढ़ाएंगे जाएंगे। जिला में 135 संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथ निर्धारित किए गए हैं, जिस पर तय मापदंडों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। पत्रकार वार्ता में नगराधीश डॉ. जयबीर यादव, चुनाव कार्यालय के तहसीलदार, कानूनगो व चुनाव कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।