बुधवार दोपहर मौसम पूरी तरह साफ रहा।
- फोटो : Fatehabad
मौसम में निरंतर परिवर्तन हो रहा है। लगातार हो रही बारिश थमने से कुछ राहत मिली है। दो दिन से तेज धूप निकल रही है, जिससे जगह-जगह भरा पानी सूख रहा है। कीचड़ से राहत मिल रही है। मकानों की दीवारों में आई नमी कम हो रही है। अब मौसम विभाग ने पूर्व अनुमान लगाया है कि अगले तीन दिन तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इसके बाद 18 से 21 सितंबर तक फिर से बारिश के आसार बने रहेंगे।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार की ओर से जारी पूर्व अनुमान के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने एक कम दबाव के क्षेत्र तथा राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने तथा टर्फ रेखा दक्षिण में आने से मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ी है। इससे राज्य में पिछले एक सप्ताह से बीच-बीच में ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव के क्षेत्र बनने के साथ-साथ अरब सागर से भी नमी वाली हवाएं आने की संभावना है। इससे हरियाणा राज्य में मौसम 21 सितंबर तक आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। अगले तीन-चार दिनों में उत्तर व दक्षिण हरियाणा में कहीं-कहीं तथा पश्चिमी हरियाणा में कुछेक स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 18 सितंबर से 21 सितंबर के बीच राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं व गरजचमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
दो दिन से निकल रही धूप
मंगलवार व बुधवार, दो दिन से अच्छी धूप निकल रही है। हालांकि बीच में बादल भी छाए रहते हैं। हालांकि तापमान सामान्य बना हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया गया। धूप के साथ-साथ हल्के बादल भी छाए हुए थे। हवा में नमी की मात्रा 61 प्रतिशत दर्ज की गई। हालांकि अभी उमस का मौसम है, लेकिन रात को हल्की ठंड भी होने लगी है। सोमवार तक लगातार हुई चार दिन की बारिश के कारण चारों तरफ कीचड़ बना हुआ था। कई जगहों पर जलभराव था। धूप निकलने से काफी राहत मिली है।
कोट
मौसम में धीरे-धीर परिवर्तन हो रहा है। अब दिन छोटे होने लगे हैं। रात को हल्की ठंड होने लगी है। अभी मौसम कुछ दिन परिवर्तनशील बना रहेगा। 18 सितंबर से 21 सितंबर के बीच राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं व गरज व चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
-डॉ. मदन लाल खीचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार।