फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी सफाई करते हुए कर्मचारी संवाद
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में फैली गंदगी और अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
अस्पताल में पिछले करीब 11 महीनों से मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा है जिसके चलते परिसर में मलबा, धूल और निर्माण सामग्री जमा हो गई थी। सफाई व्यवस्था संभाल रहे ठेकेदार को कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। निरीक्षण के दौरान वार्डों, ओपीडी और गलियारों में सफाई संतोषजनक नहीं मिली।
इसके बाद दूसरे अस्पताल से 10 सफाई कर्मचारियों को बुलाकर पूरे परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। कर्मचारियों ने वार्डों, ओपीडी, गलियारों और अन्य हिस्सों से कचरा व मलबा हटाकर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया। अस्पताल प्रशासन ने आगे से नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
-
मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। कर्मचारियों को अस्पताल परिसर में नियमित निगरानी के निर्देश भी जारी किए गए हैं ताकि मरीजों को बेहतर और स्वच्छ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
- डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन