फतेहाबाद। नगर परिषद में बरसाती पानी निकासी को लेकर वीरवार शाम को हाउस की बैठक बुलाई गई। बैठक नगर परिषद प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची, उपप्रधान सविता टुटेजा की मौजूदगी में हुई। बैठक में पहले से लगे रिचार्ज बोर काम न करने को लेकर पार्षदों ने हंगामा किया। पार्षद प्रतिनिधि योगी हंसराज और ईओ ऋषिकेश चौधरी के बीच नोकझोंक हुई। पार्षद प्रतिनिधि ने नंदीशाला में पानी निकासी का प्रबंध न होने पर शहर में पशु छोड़ने की चेतावनी तक दे डाली। पार्षदों ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को न बुलाए जाने पर हंगामा किया। बैठक में पार्षदों ने वार्डों में सीवरेज लाइन की सफाई करवाने और टूटे ढक्कन लगवाने के एजेंडे दिए। बैठक में वार्ड नंबर एक से लेकर 27 तक के पार्षदों से एजेंडे लिए गए।
पार्षदों ने बैठक में कहा कि पहले वाले रिचार्ज बोर काम नहीं कर रहे है और नए लगवाए जा रहे हैं इनसे ज्यादा कमाई होती है। रिचार्ज बोर जब तक न चले ठेकेदार को भुगतान न किया जाए। इस पर ईओ ऋषिकेश चौधरी ने कहा कि जब काम चल रहा होता है तो पार्षद आंखें बंद कर लेते हैं, इस बात से गुस्साए पार्षद प्रतिनिधि योगी हंसराज ने हंगामा किया और पहले दिए गए एजेंडों के काम पर जवाब मांगा लेकिन अफसर कोई जवाब नहीं दे पाए। योगी हंसराज ने कहा कि उनके वार्ड में रिचार्ज बोर लगाया गया जो कि शुरू होने से पहले खराब हो गया। मामले को लेकर विधायक और अफसरों को कहा गया लेकिन समाधान नहीं हुआ। वार्ड नंबर 15 में क्या काम अब तक करवाए गए प्रधान-उपप्रधान जवाब दें, सिर्फ फोटो खिंचवाने आगे आते हैं।
नंदीशाला के लिए डेढ़ से ढाई लाख पास हुआ, मिला नहीं
बैठक में पार्षद प्रतिनिधि योगी हंसराज ने कहा कि पहली बैठक में नंदीशाला के लिए डेढ़ लाख से ढाई लाख करने का प्रस्ताव पास हुआ था लेकिन आज तक नहीं मिले हैं। डेढ़ लाख ही दिया जा रहा है इसका जवाब चाहिए। बैठक में ईओ ने कहा कि डीएमसी को मामला भेजा जाएगा। इस पर पार्षद प्रतिनिधि ने कहा कि अगर नहीं मिला तो पशुओं को शहर में छोड़ देंगे। पशुओं को चारा न मिल पाने के कारण मौत हो रही है।
मार्च की बैठक अब करने का क्या फायदा, जवाब दीजिए
बैठक शुरू होते ही पार्षद निर्मल सिवाच ने कहा कि बरसाती पानी निकासी को लेकर बैठक मार्च में होनी चाहिए थी, अब करने का क्या फायदा है। जब तक इन एजेंडों पर काम शुरू होगा तब तक मानसून चला जाएगा।
एजेंडों की समीक्षा न करने पर हुआ हंगामा
नगर परिषद द्वारा बैठक में पिछले एजेंडों को रिव्यू न करने पर पार्षद मोहन लाल नारंग ने हंगामा करते हुए कहा कि पिछले एजेंडों की समीक्षा नहीं की जा रही है। सिर्फ बैठक की जाती है और चाय-पानी पीकर चले जाते हैं। ऐसे हाउस बैठकों का क्या औचित्य है।
इन पार्षदों ने बैठक में दिए एजेंडे
- वार्ड नंबर एक में नालियों पर करीब 100 जालियां लगवाई जाएं
- वार्ड नंबर दो में बर्फ फैक्टरी वाली गली में पानी निकासी का समाधान किया जाए, पहले प्लॉट में पानी जाता था।
- वार्ड नंबर चार में सीवरेज चेंबरों की सफाई करवाई जाए।
- वार्ड नंबर छह और सात में सीवरेज लाइन की सफाई करवाई जाए।
- वार्ड नंबर आठ में माजरा रोड, रविदास चौक, खेमाखाती रोड पर रिचार्ज बोर लगवाएं जाएं।
- वार्ड नंबर 9 में बंद गली में रिचार्ज बोर लगवाया जाए।
- वार्ड नंबर 11 में सीवरेज लाइन की सफाई करवाई जाए।
- वार्ड नंबर 12 बीघड़ रोड और शमशान भूमि के सामने पानी निकासी का प्रबंध किया जाए।
- वार्ड नंबर 13 में बीघड़ रोड पर सीवरेज पाइप लाइन बड़ी की जाए।
- वार्ड नंबर 15 में नंदीशाला में पानी निकासी का प्रबंध किया जाए, इसके अलावा वार्ड में भी व्यवस्था की जाए।
- वार्ड नंबर 16 में स्कूल के रास्ते का समाधान किया जाए।
- वार्ड नंबर 17 में पानी निकासी का प्रबंध किया जाए। मरम्मत कार्य करवाई जाए।
- वार्ड नंबर 20 में सीवरेज पाइप लाइन की सफाई करवाई जाए।
बरसाती पानी निकासी को लेकर पार्षदों से एजेंडे लिए गए हैं और कई वार्डों से पहले ही एजेंडे आए हुए हैं। इन एजेंडों को अनुमोदन के लिए जिला नगर आयुक्त के पास भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही एजेंडे पर काम शुरू हो जाएगा।
- राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान, नगर परिषद