रतिया। शहीद देवेंद्र सिंह राजकीय महिला महाविद्यालय में शनिवार को स्टाफ और कार्यवाहक प्राचार्य के बीच पिछले कई दिनों से चल रहे विवाद को सुलझाने के प्रयास किए गए। सर्व समाज सभा रतिया के अध्यक्ष सतपाल जिंदल की अध्यक्षता और शहीद देवेंद्र सिंह यादगारी ट्रस्ट की मध्यस्थता में पंचायत आयोजित की गई जिसमें विवाद के समाधान का दावा किया गया।
हालांकि, शिकायतकर्ताओं में से एक का कहना है कि दबाव डाला जा रहा है और वह सहमत नहीं हैं। बता दें कि इस मामले में डीसी डॉ. विवेक भारती ने जांच के लिए एक कमेटी भी गठित की है जिसमें एसडीएम रतिया कनवीनर हैं। कार्यवाहक प्राचार्य परमजीत संघा से उच्चतर शिक्षा विभाग ने डीडीओ पावर भी ले ली है और अग्रोहा राजकीय कॉलेज के प्राचार्य को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
शनिवार को हुई सभा में उपस्थित स्टाफ ने अपनी शिकायतें रखीं। प्रो. परमजीत संघा ने स्वीकार किया कि विभाग की ओर से मांगी गई सूचनाओं और अन्य कार्यों को पूरा करने के दबाव के कारण तल्ख शब्द बोले गए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन जगजीत सिंह ने बताया कि स्टाफ ने लिखित रूप से सहमति जताई है कि भविष्य में कोई द्वेषभाव नहीं रखा जाएगा और किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की होगी।
सभा और ट्रस्ट के वक्ताओं ने सभी को समझाया कि टकराव से छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती है। बैठक में उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह नैन, कोषाध्यक्ष शेर सिंह भुल्लर और महासचिव डॉ. नैब सिंह मंडेर सहित अन्य सदस्यों ने भी स्टाफ की समस्याओं पर चर्चा की और समाधान निकालने की दिशा में सुझाव दिए।