फतेहाबाद। नगर परिषद में एक बार फिर से बगावत शुरू हो सकती है। पार्षद हाउस की बैठक न बुलाए जाने को लेकर नाराज दिख रहे हैं। पार्षदों का कहना है कि पिछले आठ माह से हाउस की बैठक नहीं बुलाई गई है। इसके चलते वार्डों में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं और न ही पिछले कार्यों का रिव्यू हो रहा है। नगर परिषद के नए हाउस का गठन के बाद अब तक सिर्फ तीन ही बैठक बुलाई गई हैं। इसमें एक बैठक बजट को लेकर हुई है। जबकि हर माह हाउस की बैठक करने का नियम है। पार्षदों का कहना है कि वार्डों में स्ट्रीट लाइट न होना अहम मुद्दा है। स्ट्रीट लाइटों की खरीद होनी थी लेकिन हाउस की बैठक न होने के कारण ये बीच में अटका हुआ है। गौरतलब है कि हाउस के गठन के बाद प्रधान-उपप्रधान के बीच खींचतान रहना भी मीटिंग न होने का कारण है। प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची ने खुद के कक्ष में से उपप्रधान की कुर्सी हटवाने के लिए मुद्दा उठाया था। ये मुद्दा कई दिनों तक गरमाया रहा। इसके बाद उपप्रधान को अलग कमरा दिया गया तब जाकर मामला शांत हुआ था।
नहीं बनी पेमेंट अप्रूवल कमेटी
नगर परिषद में विकास कार्यों को लेकर अलग-अलग कमेटियों का गठन किया जाना है। इसमें कंस्ट्रक्शन कमेटी, परचेजिंग कमेटी, सेनिटेशन कमेटी, स्ट्रीट लाइट निगरानी कमेटी, पेमेंट अप्रूवल कमेटी का गठन किया जाना है। लेकिन एक साल में अभी तक सिर्फ फाइनेंस कमेटी का ही गठन हुआ है। बताया जा रहा है पेमेंट अप्रूवल कमेटी के लिए अभी तक एक पार्षद का नाम तय नहीं हो पाया है। पेमेंट अप्रूवल कमेटी में हाउस की तरफ से चुना गया पार्षद और एक संबंधित पार्षद शामिल होगा।
कोट
पिछले आठ माह से नगर परिषद में हाउस की बैठक नहीं हुई है। जबकि नियम अनुसार हर माह हाउस की बैठक होनी चाहिए। हाउस की बैठक न होना लोकतंत्र व म्युनिसिपल एक्ट का भी उल्लंघन है। हाउस की बैठक होगी तभी पार्षद अपने एजेंडे रख पाएंगे और पिछले कार्यों की समीक्षा हो पाएगी।
-मोहन लाल नारंग, पार्षद वार्ड नंबर 12
कोट
आठ महीने से नगर परिषद में हाउस की बैठक नहीं होने से विकास कार्य ठप पड़े हैं। हाउस की बैठक बुलाने के नियमों की किसी को चिंता ही नहीं है। पार्षद अपने वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों की मांग हाउस की बैठक में ही रखेंगे।
-योगी हंसराज, पार्षद प्रतिनिधि, वार्ड नंबर 15
कोट
प्रधान के पास हाउस की बैठक बुलाने की शक्तियां होती हैं। बैठक बुलानी ही चाहिए ताकि सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड के एजेंडे हाउस के सामने रख सकें।
सविता टुटेजा, उपप्रधान, नगर परिषद फतेहाबाद