फतेहाबाद के गुरूनानकपुरा मोहल्ला में घर पर पथराव करते हुए युवक सीसीटीवी फुटेज में नजर आते हुए
फतेहाबाद। शहर के गुरुनानक पुरा मोहल्ला में बुधवार आधी रात को 15-20 हथियारबंद युवकों ने दो-तीन मकानों में जमकर पथराव किया। जिससे मोहल्ले में दहशत फैल गई। कई देर पथराव के बाद युवक वहां से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। मामले की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें युवक पथराव करते हुए नजर आ रहे है। पथराव में एक घर में खड़ी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
मामले के मुताबिक गुरुनानकपुरा निवासी मंगत सिंह ने बताया कि आजाद नगर निवासी व मोहल्ले के ही कुछ युवकों का मोहल्ले के एक व्यक्ति के साथ झगड़ा था। 15-20 युवक तीन गाडिय़ों और मोटरसाइकिल पर पहले शाम को आए और संबंधित व्यक्ति के साथ मारपीट की। आरोप है कि युवक रात को 11 बजे के बाद फिर मोहल्ले में घुस आए और उसके व उसके पड़ोस के घर पर पथराव शुरू कर दिया। उस समय परिवार वाले सोये हुए थे और वह घर के बाहर खड़ा था। उसने बताया कि आरोपियों ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था और हाथ में कापा आदि थे, जिन्हें देखकर उसने घर में घुसकर अपनी जान बचाई। उसके घर में जाते ही पथराव शुरू कर दिया, फिर फरार हो गए।
कोट
मामले को लेकर शिकायत मिली है। गुरुनानकपुरा चौकी टीम मामले को लेकर जांच कर रही है।
-नरेश कुमार, कार्यकारी शहर थाना प्रभारी