फतेहाबाद के सीआईए स्टाफ टोहाना की टीम ने 31 वर्षीय महिला को उसके प्रेेमी व दो अन्य साथियों के साथ नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 410 ग्राम हेरोइन और एक लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से तीन आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर जबकि महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब पुलिस दिल्ली से जुड़े नशे के मुख्य सप्लायर की धरपकड़ में जुट गई है।
पुलिस ने कार में सवार महिला समेत चार लोगों को काबू कर पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने कार की तलाशी ली तो 410 ग्राम हेरोइन और एक लाख रुपये बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह हेरोइन की खरीद-फरोख्त करते हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला राजोबाई गांव कंवलगढ़ में विवाहित थी। वह अपने पति को तलाक देकर आरोपी शक्करपुरा गांव के कुलदीप के साथ सहमति संबंध में रहने लगी। इसके बाद वह कुलदीप के साथ नशा सप्लाई के धंधे से जुड़ गई। राजोबाई और कुलदीप पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक-एक केस दर्ज है।
आरोपी महिला के गांव कानाखेड़ा निवासी आरोपी राजदीप एलएलबी पास है। कुछ समय तक राजदीप ने टोहाना अदालत में वकील के पास प्रैक्टिस भी की, लेकिन नशे की लत के कारण वह राजोबाई के संपर्क में आया। एक ही गांव के रहने वाले होने से दोनों के बीच संपर्क बढ़ गया। नशे की पूर्ति के लिए राजदीप भी नशा तस्करी के धंधे में जुड़ गया।
कार से 410 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए महिला सहित चारों आरोपियों का नशा सप्लाई का बड़ा गिरोह है। दिल्ली से नशा लाकर ये लोग स्थानीय क्षेत्र में सप्लाई करते हैं। इनके कब्जे से हेरोइन बेचकर कमाई गई एक लाख की नकदी बरामद हुई है। पुलिस अब नशा सप्लायर की धरपकड़ के प्रयास में जुट गई है। - बिरम सिंह, डीएसपी, टोहाना