फतेहाबाद में बच्चे के पीछे दौड़ते हुए कुत्तेस्त्रोत सोशल मीडिया
फतेहाबाद। शहर की अग्रवाल कॉलोनी में गली से गुजर रहे एक बच्चे पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलोनीवासियों में रोष बढ़ गया। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से परेशान लोग पूर्व विधायक दुड़ाराम के पास पहुंचे और समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि इलाके में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूमते हैं। ये राहगीरों और बच्चों पर हमला कर रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। कई बच्चे और अन्य लोग पहले भी कुत्तों का शिकार हो चुके हैं। लोगों की शिकायत सुनने के बाद पूर्व विधायक दुड़ाराम ने नगर परिषद अधिकारियों को नियमों के अनुसार आवारा कुत्तों को पकड़ने के निर्देश दिए। कॉलोनीवासियों ने उम्मीद जताई कि कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
-
अस्पताल में रोजाना 20 केस पहुंच रहे
नागरिक अस्पताल में कुत्तों के काटने पर एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए रोजाना 20 केस पहुंच रहे है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार गर्मियों में कुत्तों के काटने के केस बढ़ रहे हैं। पहले रोजाना 10 से 15 केस आते थे लेकिन 20 से 25 केस रोजाना नए आ रहे हैं।
-
एक साल में 4100 कुत्तों का बध्यीकरण
नगर परिषद ने कुत्तों को पकड़कर टीकाकरण और बधि्याकरण के लिए एजेंसी को एक साल के लिए ठेका दिया था। ठेका दो माह पहले खत्म हो चुका है। शहर में 5600 कुत्तों को पकड़ने का लक्ष्य था लेकिन एजेंसी ने एक साल में 4100 कुत्तों का टीकाकरण और बधि्याकरण किया है। 982 रुपये प्रति कुत्ते के हिसाब से ठेका दिया गया था। अब नए ठेके के लिए दो एजेंसी आई हैं। उम्मीद है इसी सप्ताह नगर परिषद दोबारा से ठेका दे सकता है।