भट्टू कलां (फतेहाबाद)। गांव पीली मंदोरी में मुंशी प्रेमचंद सार्वजनिक पुस्तकालय कमेटी के बैनरतले आयोजित महिला वॉलीबाल (समेसिंग) प्रतियोगिता चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की टीम ने करनाल को हराकर जीता। पहला सेमीफाइनल केमरी और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के बीच खेला गया। इसमें चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने जीत हासिल की।
वहीं, दूसरा सेमीफाइनल करनाल और जेसीडी विद्यापीठ के साथ खेला गया। जिसमें करनाल ने जेसीडी को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस दौरान फाइनल मुकाबले में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से आई टीम ने करनाल की टीम को हराकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, करनाल की टीम को दूसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा।
मुख्य अतिथि विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने बतौर मुख्यातिथि भाग लेकर रिबन काटकर मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों में छुपी हुई प्रतिभा निकलकर सामने आती है। गांव पीली मंदोरी खेलों के मामले में सक्रिय भूमिका निभाता है तथा पीली मंदोरी के लड़के तथा लड़कियों दोनों ने ही खेल के क्षेत्र में अहम मुकाम हासिल किया है। कार्यक्रम के समापन में जिला परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि सुभाष खिचड़ ने शिरकत की।
इस प्रतियोगिता में गांव तथा बाहर से आई करीब 12 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें पीली मंदोरी ए, बी, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ए, बी, जमाल ए, बी, सी, रूपावास, करनाल, केमरी ए तथा बी टीम शामिल रही। फाइनल मैच का समाजसेवी देशराज जाखड़ ने रिबन काटकर शुभारंभ किया। खेल के दौरान पीलीमंदोरी से कोच विनोद गोरछिया ने बेहतरीन कमेंट्री कर दर्शकों का मन मोहा।
इस दौरान विजेता टीम को मुंशी प्रेमचंद पुस्तकालय कमेटी एवं ग्रामवासियों के सहयोग से खेल ट्रॉफी व 15 हजार रुपये तथा द्वितीय टीम को 11 हजार रुपये की राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। वॉलीबाल प्रतियोगिता में समाज सेवी एवं उद्योगपति सुभाष गर्ग, समाज सेवी रामेश्वर दास ने कमेटी को आर्थिक सहयोग किया। इस दौरान कमेटी अध्यक्ष बृजलाल कड़वासरा, सतबीर गोदारा, विजय सिंह जाखड़, कोच जेपी डूडी, उमेद माचरा, रामनिवास डूडी, वीरेंद्र डूडी, सुखबीर पहाड़ी, सनिश फौजी, सचिन पहाड़ी, अमित लेगा, दीपक, राजेश पहाड़ी सहित स्पोर्ट्स कमेटी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।