शहर की अग्रवाल धर्मशाला में एक कार्यक्रम के दौरान टेंट हाउस पर काम करने वाले युवक को करंट लगने के मामले को लेकर शहर थाना पुलिस ने हादसे में गंभीर हुए सुखविंद्र सिंह के बड़े भाई बिल्लू सिंह निवासी लठेरा की शिकायत पर सरदूलगढ़ रोड पर लाइट व डीजे साउंड संचालक राजीव कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता बिल्लू सिंह ने पुलिस को बताया कि 23 जुलाई को अग्रवाल धर्मशाला में मृत्यु भोज का कार्यक्रम था, उस दौरान वह तथा उसका भाई वहां काम करने गए हुए थे। वहां लाइट का प्रबंध साउंड व डीजे संचालक राजीव का था। इस दौरान बिजली की तार में कट लगा हुआ था, जिसको ठीक करने के लिए उसके भाई सुखविंद्र ने 3-4 बार संबंधित व्यक्ति को बोला था, लेकिन उसने बिजली की तार को ठीक नहीं किया। भोग के बाद जब उसका भाई टेंट उतार रहा था तो लोहे की पाइप बिजली के कट वाली तार से टकरा गई, जिसके बाद उसके भाई को करंट लगा और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गया। बेसुध भाई को टेंट हाउस के मालिक राकेश कुमार व उसे एंबुलेंस से रतिया के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। चिकित्सकों ने अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मगर वह हिसार के जिंदल अस्पताल में ले गए। अब उपरोक्त अस्पताल में उसके भाई का इलाज चल रहा है और भाई अभी भी बेसुध है। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा तार ठीक न करने के कारण ही उसके भाई को करंट लगा है। पुलिस ने इस मामले को लेकर लाइट, डीजे व साउंड की दुकान के मालिक के खिलाफ धारा 337 के तहत केस दर्ज किया है।