फतेहाबाद। शहर के भूना रोड पुल के नीचे सरपंच प्रतिनिधि और पुलिसकर्मियों के बीच चालान काटने को लेकर हुए विवाद के मामले ने फिर से तूल पकड़ लिया है। इस मामले में 12 दिन बाद अब पुलिस ने सरपंच प्रतिनिधि, पंच सहित 4 लोगों पर केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई महिला सिपाही की शिकायत पर की गई है।
पुलिस ने इस मामले में गांव भिरड़ाना की सरपंच प्रतिनिधि जसविंदर उर्फ जस्सी, पंच राजेंद्र, मनरेगा मेट लवप्रीत सिंह व बलविंद्र सिंह पर मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में हुडा चौकी की महिला सिपाही सरोज ने बताया है कि वह 18 मार्च को हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार, हर सिंह, संदीप कुमार, एसपीओ कुलबीर व ड्राइवर परमीत के साथ बाईपास भूना रोड पुल के नीचे मौजूद थी।
इस दौरान चेकिंग के समय एक स्कॉर्पियो आई, जिसके आगे सरपंच की प्लेट लगी हुई थी। उक्त गाड़ी में चार लोग सवार थे। पुलिस टीम ने उनको रुकने का इशारा किया। जब चालक ने गाड़ी रोकी तो देखा ड्राइवर साइड में बैठे व्यक्ति ने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी। जिस पर उनको गाड़ी से नीचे उतरने के लिए कहा गया। इस पर उन्होंने बार-बार हॉर्न बजाना शुरू कर दिया।
फिर ड्राइवर साइड में बैठे व्यक्ति ने अपने आप को गांव भिरड़ाना का सरपंच बतलाया और उसने गुस्से में आकर कहा कि आप हमें नहीं रोक सकते। फिर वह गाड़ी से नीचे उतरकर रोड के बीच में आकर खड़ा हो गया और हंगामा करने लगा। आरोप है कि सरपंच पति जसविंदर जस्सी ने उनके साथ बदतमीजी की और धमकियां दी।
उसके बाद उसके साथी भी गाड़ी से नीचे उतर आए और रोड ब्लॉक करके खड़े हो गए। आरोप है कि उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डाली, पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी की और अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने हाथापाई भी की, इसमें उसे व एसपीओ कुलबीर को चोट लगी।
सरपंच एसोसिएशन व ग्रामीणाें ने किया था प्रदर्शन
फतेहाबाद के लघु सचिवालय में मारपीट के बाद सरपंच एसोसिएशन व ग्रामीणों ने दो घंटे तक लघु सचिवालय परिसर में प्रदर्शन कर पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद एसपी आस्था मोदी ने दो पुलिसकर्मियों को इस मामले में लाइन हाजिर कर दिया था जबकि एक होमगार्ड पर भी कार्रवाई की गई थी।
यह था मामला
बता दें कि 18 मार्च को भूना रोड पुल के नीचे स्कॉर्पियो का चालान काटने को लेकर गांव भिरड़ाना के सरपंच प्रतिनिधि जसविंदर जस्सी व उनके साथियों का हुडा चौकी पुलिस के कर्मचारियों के साथ विवाद हो गया था। सरपंच प्रतिनिधि का आरोप था कि चालान काटने को लेकर हुए विवाद में उसके व अन्य साथियों के साथ पुलिस ने मारपीट की थी। जिसके बाद वे अस्पताल में भर्ती हुए थे।
एसोसिएशन की ओर से पहले सरपंच प्रतिनिधि मामले में पूरा साथ दिया गया था। अगर उन्हें दोबारा एसोसिएशन के सहयोग की जरूरत है तो वे उनकी मदद करेंगे। उन्हें केस दर्ज को लेकर कोई जानकारी नहीं है।
- गुरप्रीत सिंह, सरपंच गांव खुंबर, प्रधान, जिला सरपंच एसोसिएशन।
सरपंच प्रतिनिधि पर मामला दर्ज हुआ है तो वह गलत है, इस मामले को लेकर मंगलवार को एसपी से मिलकर बात करेंगे।
- मनदीप योगी, सरपंच, गांव गोरखपुर।