टोहाना (फतेहाबाद)। शहर में रतिया रोड पर मंथली लॉटरी व चिटफंड स्कीम चलाने वाले तीन भाइयों सहित परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ आखिरकार पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने चिटफंड स्कीम चलाने वाले आरोपी कर्मवीर पूनिया, सतबीर, कृष्ण, कर्मवीर के बेटे नीटू व शिब्बू के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ितों ने आरोपियों पर करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी शिकायत में साहिल ने बताया कि टोहाना में नामजद आरोपियों द्वारा मंथली लॉटरी व चिटफंड स्कीम चलाई जा रही थी। उसके सहित टोहाना के काफी लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई को इनकी स्कीमों में निवेश कर दिया था। शिकायतकर्ता के अनुसार अब आरोपी भाइयों ने अपने में तकरार का बहाना बनाकर लोगों का पैसा रोक लिया। इनके द्वारा करीब लगभग 350 लॉटरियां डलवाई जा रही थी, उन्हें भी अचानक बंद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इतनी लॉटरियों में लोगों ने करोड़ों रुपये निवेश कर दिया था। बाद में निवेशकर्ताओं को आरोपियों ने 35 प्रतिशत रुपये वापस देने की बात कही, लेकिन यह बात उन्हें मंजूर नहीं है।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उनकी राशि लौटाने से आरोपी मना कर गए। इसके बाद शिकायतकर्ता ने लगातार पुलिस के चक्कर लगाकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।