फतेहाबाद के भूना रोड फ्लाईओवर ट्रक से टक्कर के बाद क्ष्रतिग्रस्त हुई कार
फतेहाबाद। भूना रोड पर बने फ्लाईओवर पर मंगलवार अलसुबह सिरसा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर साइड में खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार सिरसा के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अभय की पत्नी ममता चौधरी की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी और साली घायल हैं। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक ममता चौधरी 19 वर्षीय बेटी मन्नत और आस्ट्रेलिया से आई बहन शालू के साथ सुबह करीब पांच बजे किराये की कार में सवार होकर गुरुग्राम में रह रहीं दूसरी बहन ज्योति से मिलने जा रहीं थीं। बीच में उन्हें हिसार रुकना था। कार को रानियां क्षेत्र के गांव बालासर निवासी संजय चला रहा था। घायल मन्नत ने बताया कि चालक कार को बहुत तेज गति से चला रहा था। सुबह करीब 6 बजे फतेहाबाद में हिसार-सिरसा फोरलेन पर स्थित भूना फ्लाईओवर कार अनियंत्रित होकर साइड में खड़े ट्रक से कार टकरा गई। इससे कार की एक साइड पूरी तरह पिचक गई। मां ममता चौधरी आगे की सीट पर बैठी थीं, इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने ममता चौधरी को मृत घोषित कर दिया। शालू और मन्नत को प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा ले जाया गया है। ममता चौधरी के पति डॉ. अभय सिरसा के आंबेडकर चौक स्थित चौधरी आई अस्पताल के संचालक हैं। पुलिस ने मन्नत चौधरी के बयान पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पांच दिन पहले आस्ट्रेलिया से आई है शालू
मृतका के रिश्तेदार हिसार निवासी सुरेंद्र ने बताया कि शालू पांच दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से आईं हैं। तीन दिन हिसार रहने के बाद सिरसा में अपनी बहन ममता चौधरी से मिलने गईं थीं। इसके बाद वह गुरुग्राम में रह रही अपनी बहन ज्योति से मिलने जा रही थीं। उन्हें क्या पता था कि गुरुग्राम पहुंचने से पहले ही यह अनहोनी हो जाएगी।
कोट
हादसे में एक महिला की मौत हुई है। आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद से वह फरार है।
- रणजीत सिंह, शहर थाना प्रभारी