शहर के शास्त्री नगर मोहल्ला में नहरी पेयजल के साथ जोड़ी गई पाइपलाइन। संवाद
फतेहाबाद। शास्त्री नगर मोहल्ले में पेयजल की किल्लत और टयूबवेल के खारे पानी की आपूर्ति से राहत मिलने की उम्मीद है। जनस्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र की पाइपलाइन को भट्टू रोड के बूस्टिंग स्टेशन से हटाकर नए पटवार भवन बूस्टिंग स्टेशन से जोड़ दिया है। इस कदम से शास्त्री नगर में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान संभव हो गया है।
पहले भट्टू रोड बूस्टिंग स्टेशन से पानी सप्लाई होने के कारण पाइपलाइन लंबी हो गई थी और रास्ते में अन्य कॉलोनियों के दबाव से अंतिम छोर तक पानी का दबाव बहुत कम हो जाता था। पर्याप्त पानी न मिलने के कारण विभाग को बीच-बीच में टयूबवेल का पानी सप्लाई करना पड़ता था। टयूबवेल का पानी खारा होने से कई घरों में पीने योग्य पानी की समस्या बनी रहती थी।
अब नए बूस्टिंग स्टेशन से सप्लाई शुरू होने के बाद शास्त्री नगर में पाइपलाइन का पानी पर्याप्त दबाव के साथ पहुंच रहा है। इससे टयूबवेल पर निर्भरता कम हो गई है और लोग नियमित और साफ पानी का लाभ उठा सकेंगे। विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यह परिवर्तन स्थायी समाधान साबित होगा और क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक पेयजल आपूर्ति में सुविधा मिलेगी।
पटवार भवन स्टेशन से जोड़ा गया कनेक्शन
जनस्वास्थ्य विभाग ने तकनीकी सुधार करते हुए अब शास्त्री नगर की सप्लाई लाइन को पटवार भवन में बने नए बूस्टिंग स्टेशन से जोड़ दिया है। नया कनेक्शन होने से अब पानी का प्रेशर बढ़ेगा और लोगों को टयूबवेल के बजाय शुद्ध नहरी पानी उपलब्ध होगा।
-
:: शास्त्री नगर मोहल्ला की पेयजल आपूर्ति के बदलाव के बाद अंतिम छोर तक पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित होगी। विभाग के इस कदम से शास्त्री नगर की करीब 2500 की आबादी को अब गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
- बलविंद्र जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, फतेहाबाद।