क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेते हुए खिलाड़ी:संवाद
रतिया। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में रविवार को मास्टर प्रीमियर लीग के दो मुकाबले हुए। इनमें येशव नाइट राइडर्स और जीवा टाइगर ने जीत हासिल की। ओढ़ सभा हरियाणा के युवा प्रदेश अध्यक्ष छिंदरपाल छिंदा नंगल और पप्पू कटारिया अतिथि के रूप में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैचों में सौरभ जिंदल स्कोरर की भूमिका में सक्रिय रहे।
पहले मुकाबले में येशव नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 205 रन बनाए। बबलू रतिया और देवांश ने उपयोगी पारियां खेलीं। जवाब में कलोठा स्ट्राइकर्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16.3 ओवर में 198 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से रिम्पी मार्डे ने 26 गेंदों में 72 रन और रवि ने 28 गेंदों में 71 रन बनाए लेकिन जीत नहीं दिला सके। येशव नाइट राइडर्स के जादू ने चार विकेट हासिल किए, जबकि कलोठा के रवि ने तीन विकेट लिए।
दूसरे मुकाबले में जीवा टाइगर ने निधि ग्लास वॉरियर्स को दो विकेट से हराया। निधि ग्लास वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 200 रन बनाए। हैरी मोनू ने 70 और सम्राट ने 48 रन बनाए। 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीवा टाइगर ने 19.2 ओवर में नौ विकेट खोकर जीत हासिल की। टीम की ओर से जेपी ने 21 गेंदों में 72 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि मनमोहन खोखर ने 54 रन बनाए। गेंदबाजी में गोविंद सिंह ने तीन विकेट झटके।