फतेहाबाद। शहर की सड़कों पर घूम रहे करीब 1500 बेसहारा पशु लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में घूमते इन पशुओं के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। सर्दियों में धुंध और कम दृश्यता के चलते यह खतरा और बढ़ सकता है। इसके बावजूद नगर परिषद पिछले करीब छह माह से बेसहारा पशुओं को पकड़ने का अभियान शुरू नहीं कर पाई है। अब नगर परिषद को जींद की एक एजेंसी मिल गई है, लेकिन प्रति पशु रेट को लेकर मामला निदेशालय की मंजूरी पर अटका हुआ है।
जींद की एजेंसी ने बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए 1220 रुपये प्रति पशु का रेट दिया है। इससे पहले एजेंसी ने 1224 रुपये प्रति पशु की मांग की थी। नगर परिषद अधिकारियों के साथ बातचीत और नेगोशिएशन के बाद एजेंसी केवल चार रुपये कम करने पर तैयार हुई। अब नगर परिषद प्रशासन ने 1220 रुपये प्रति पशु के रेट को मंजूरी देने के लिए प्रस्ताव निदेशालय को भेजना है। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद ही एजेंसी को काम सौंपा जा सकेगा।
-
डेढ़ हजार से ज्यादा पशु सड़कों पर
जागो संस्था के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह दहिया, जिंदगी संस्था के अध्यक्ष हरदीप का कहना है कि करीब 1500 बेसहारा पशु सड़कों पर घूम रहे हैं। छह माह से इन्हें पकड़ने के लिए कोई एजेंसी नहीं होने के कारण बाजारों, मुख्य मार्गों और रिहायशी इलाकों में इनका जमावड़ा लगा रहता है। कई बार पशु सड़कों के बीचों-बीच बैठ जाते हैं तो कई बार अचानक वाहनों के सामने आ जाते हैं। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सर्दियों में सुबह और रात के समय धुंध के कारण पशु दूर से दिखाई नहीं देते। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों और तेज रफ्तार वाहनों के लिए खतरा और बढ़ सकता है।
दो साल तक रेवाड़ी की एजेंसी के पास था ठेका
नगर परिषद ने इससे पहले बेसहारा पशुओं को पकड़ने का ठेका रेवाड़ी की एजेंसी को दिया हुआ था। यह एजेंसी करीब दो साल तक शहर में पशुओं को पकड़ने का काम करती रही। ठेके की अवधि समाप्त होने के बाद नई एजेंसी के लिए टेंडर लगाया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जींद की एजेंसी सामने आई, लेकिन रेट को लेकर सहमति बनने और निदेशालय की मंजूरी मिलने में समय लग रहा है।
कुत्तों के बधियाकरण का मामला भी सात माह से अटका
शहर में आवारा कुत्तों के बधियाकरण और टीकाकरण का मामला भी करीब सात माह से लंबित है। इस काम के लिए एजेंसी ने 1340 रुपये प्रति कुत्ता की मांग की है, जबकि नगर निकाय 800 रुपये प्रति कुत्ता के रेट पर अड़ा हुआ है। दोनों पक्षों के बीच रेट को लेकर सहमति नहीं बन पाने के कारण यह अभियान भी शुरू नहीं हो सका है।
एक ही दिन चला अभियान
दिवाली से दो दिन पहले डीएमसी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में एक ही दिन अभियान चला था। इस दौरान नगर परिषद कर्मचारियों को पशु पकड़ने की जिम्मेदारी दी गई थी लेकिन कामयाबी नहीं मिल पाई।
प्रस्ताव निदेशालय को भेजा जा रहा है। मंजूरी मिलने के बाद ही शहर में बेसहारा पशुओं को पकड़ने का अभियान शुरू हो सकेगा। उम्मीद है कि जल्द शहरवासियों को राहत मिलेगी।
राहुल कुमार, एसआई, नगर परिषद