फतेहाबाद। जिले में 15 जून को होने वाले पंचायत उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन वापसी का अंतिम दिन रहा। उपचुनाव के तहत तीन पंच पद, तीन सरपंच पद और एक ब्लॉक समिति सदस्य पद के लिए मतदान होगा। चुनाव की प्रक्रिया जिले के सात गांवों में संपन्न होगी। जिले में 43 पंचों में से 29 पर सर्वसहमति बन चुकी है।
पंचायत समिति निर्वाचन अधिकारी अजय दलाल और एसईपीओ कृष्ण कुमार ने उपचुनाव की तैयारियों के लिए जानकारी साझा की और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने का भरोसा दिलाया। उन्हाेंने बताया कि भट्टूकलां पंचायत समिति वार्ड-17 के लिए तीन नामांकन दाखिल किए गए थे। उम्मीदवार मुकेश की ओर से नाम वापसी के बाद अब गोविंद सिंह और पंकज शर्मा आमने-सामने होंगे। वहीं, भट्टू खंड के गांव सूलीखेड़ा में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सरपंच पद के लिए छह नामांकन दाखिल हुए थे। दो उम्मीदवारों के नामांकन वापसी के बाद अब राजेश कुमार, सतपाल, राजेश व सुरेश चुनाव मैदान में हैं।
अहलीसदर में सर्वसम्मति से सरपंच चयन
गांव अहलीसदर में सरपंच पद के लिए सर्वसम्मति बन गई है और निर्विरोध रूप से सरपंच चुना गया है। वहीं, गांव तामसपुरा और काताखेड़ी में सरपंच पद के लिए नामांकन दर्ज हुए हैं। वहीं, गांव खुनन, लधुवास और बनगांव में पंच पद के लिए उपचुनाव होगा। चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिले के 11 वार्डों में पंच पद के लिए कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ, जिससे ये पद एक बार फिर रिक्त रह गए हैं।
पंच पद पर निर्विरोध चुने गए उम्मीदवार
गांव ढिंगसरा (वार्ड 6) : कांतादेवी
गांव पीलीमंदोरी (वार्ड 12) : सतबीर
गांव बनमंदोरी (वार्ड 3) : राजेश
गांव ढाबीकलां (वार्ड 14) : कनिका