भूना के गांव नहला में आभूषण व नकदी चोरी की वारदात के बारे में जानकारी देते हुए रोशनी देवी व शर्
भूना। गांव नहला में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े चोरी हो गई। एक परिवार सत्संग समारोह में शामिल होने गया तो मौेके का फायदा उठाकर चोरों ने घर में लगा ताला तोड़ दिया। चोर वहां से आठ लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 2,10,000 की नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव नहला निवासी रिंकू गिल ने चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार दोपहर उनके चाचा मीरा सिंह के घर में सत्संग समारोह था। इसमें शामिल होने के लिए पूरा परिवार सुबह 10:30 बजे अपने घर से चाचा के घर चला गया। जब दोपहर 12 बजे परिजन घर लौटे तो कमरे के दरवाजे के ताले टूटे थे और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर चोरी की। वह सोने की दो गलशरी, दो जोड़ी झुमके, चेन, अंगूठी, एक नाथ, चार जोड़ी पाजेब चांदी, तीन सिक्के, दो चांद, तीन जोड़ी कुंडल, बच्चों के सोने-चांदी के चांद पातड़ी समेत 2.10 लाख रुपये चुरा ले गए।
घटना के बाद सदमे में परिवार
शिकायतकर्ता रिंकू गिल ने बताया कि उनकी बहन के घर बच्चा पैदा होने की खुशी में सोने-चांदी के आभूषण खरीद कर अलमारी के लॉकर में रखे थे लेकिन चोरों ने उनकी मेहनत और खून पसीने की कमाई को दिनदहाड़े उड़ा लिया। रिंकू ने बताया कि इस घटना के कारण उनकी मां रोशनी देवी और पत्नी शर्मिला गिल मानसिक रूप से परेशान हैं। सूचना मिलने पर एएसआई सुखविंदर सिंह ने मौका मुआयना किया। फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ की टीम ने मौके से चोरों की अंगुलियों के निशान जुटाए। थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने चोरों के विरुद्ध केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इसके तहत घटनास्थल के आसपास गली में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान की जा रही है। उनका दावा है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।
चोरी की वारदात में दो बाइकों पर दिखाई दिए पांच नकाबपोश
पीड़ित रिंकू गिल ने बताया कि एक गली में दो बाइकों पर पांच नकाबपोश दिखाई दिए हैं। ग्रामीण और पुलिस टीम आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में दिखी बाइक के नंबर से बाइक स्वामी का नाम, पता और आरोपियों के आने-जाने की दिशा का पता लगाया जा रहा है।