फतेहाबाद। टोहाना में दशहरा पर्व पर शाम को लापता हुए पेंटर बृषभान उर्फ बबली का शव मंगलवार को गांव काजलहेड़ी के पास डूमा वाले पुल से बरामद हुआ। शव को भूना पुलिस ने कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।
परिजनों को मृतक का मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल टोहाना के बलियाला हेड के पास मिला। मोबाइल के कवर में नोट मिला है, जिसमें उसने तीन लोगों को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पेंटर के नहर में छलांग लगाते हुए का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
मृतक के भतीजे विक्रम ने बताया कि उसका चाचा कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान थे। 12 अक्तूबर की शाम बाजार से सामान लेने की बात कहकर घर से गए थे। कुछ देर बाद उनकी कॉल आई। उन्होंने कहा कि वह नहर में छलांग लगा रहा है और बलियाला हेड से आकर मोटरसाइकिल और मोबाइल ले जाओ।
पर्ची में लिखे तीन नाम ठहराया मौत का जिम्मेदार
परिजनों का कहना है कि मोबाइल फोन के कवर से एक पर्ची मिली है और उसमें एक नोट मिला है। इस नोट में पहले दो लोगों के नाम का जिक्र है और कहा कि इन्होंने काम करने के बाद पेमेंट नहीं दी तो मैं आत्महत्या कर रहा हूं। इसके अलावा एक पेंटर का नाम भी लिखा है और मौत का जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि परिजनों का ये भी कहना था कि उन्हें इन आरोपी लोगों और रुपये के लेनदेन के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
नहर से शव बरामद हुआ था। मामले में परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। परिजनों ने एक नोट दिखाया है और कहा है कि इसको लेकर पहले अपने स्तर पर जांच करेंगे और फिर शिकायत देंगे। - दिनेश कुमार, थाना प्रभारी भूना