मानसून की बारिश न होने से बिजली का लोड बढ़ गया है। लोड बढ़ने से वीरवार रात को 132 केवी सब स्टेशन के आईसोलेटर में आग लग गई। जिस कारण पांच 33 केवी सब स्टेशनों के अंतर्गत पड़ने वाले 35 गांवों में एक घंटे के लिए ब्लैकआउट हो गया। उधर भट्टू रोड पर जंफर टूटने से शहर की बिजली करीब एक घंटे बाधित रही। भीषण गर्मी मेें बिजली कटौती होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निगम के एसडीओ धीरज झोरड़ ने कहा कि जब तक बारिश नहीं होती तब तक लोड में कमी नहीं हो सकती। जिस कारण पूरा दिन - रात तक ट्रिपिंग, फ्यूज उडना व केबल डैमेज की समस्याओं से कर्मचारी जूझ रहे हैं।
जानकारी अनुसार मानसून की बारिश न होने से बिजली खपत में खासी वृद्धि हो गई है। बीते माह फतेहाबाद डिविजन में प्रतिदिन 4 करोड़ 55 लाख यूनिट खपत हो रही थी। बरसात न होने और बिजली की खपत में वृद्धि होने से अब 6 लाख 50 हजार यूनिट की खपत रोज हो रही है जबकि बिजली निगम के संसाधन व इंफ्रास्ट्रक्चर वही का वही है। यही वजह है कि लोड बढ़ते ही निगम के पुराने किस्म के उपकरण व ट्रांसफार्मर हीट ले जाते हैं। वीरवार रात को भट्टू रोड पर स्थित 132 केवी सब स्टेशन में ओवरलोड के कारण आइसोलेटर स्पार्क कर गया। स्पार्किंग से आसपास पड़े सामान में आग लग गई। तुरंत दो फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, जिसने आग पर काबू पाया। आइसोलेटर में आग लगने से 33 केवी सब स्टेशन हुडा, बोसवाल, दरियापुर, बनगांव और बडोपल से जुड़े करीब 35 गांवों में रात 8:30 बजे से लेकर 9:30 से लेकर बिजली का ब्लैकआउट रहा। निगम के कर्मचारियों ने जैसे-तैसे इसे ठीक किया तो फीडरों के ओवरलोड होने से फिर बारी-बारी 10 कट लगे। यह क्रम रात 10:30 बजे तक जारी रहा। उधर भट्टू रोड पर जंफर टूटने से शहर की सप्लाई बंद हो गई। शहर की सप्लाई 220 केवी में 33 केवी भट्टू रोड पर जुड़ती है जहां पर 5.55 बजे जंफर टूटा, जो रात 7.45 मिनट पर ठीक हुआ। निगम के जेई सतबीर सिंह ने बताया कि ओवरलोड होने के कारण आइसोलेटर हीट ले गया था। आसपास सूखी घास थी जिस कारण आग लग गई। सतबीर के अनुसार एक घंटे के बाद सभी 35 गांवों की बिजली बहाल कर दी गई।
ओवरलोड के यह हालात यहां भी कम नहीं हुए : शुक्रवार को सुबह 3:30 बजे से लाइट की कटौती शुरू हुई जो देर शाम तक जारी रही। हिसार रोड फीडर पर 4:40 बजे जंफर टूटा, जिसके लिए एक घंटा के लिए लाइट गायब रही। सिटी फीडर पर लाइन में फॉल्ट आने पर एक घंटा 10 मिनट बिजली कटौती की गई। जवाहर चौक फीडर, हिसार रोड फीडर, योग नगर फीडर, मॉडल टाऊन फीडर व सिरसा रोड फीडर पर बारी-बारी ट्रिपिंग, फ्यूज उड़ना व केबल डैमेज के कारण शुक्रवार दिन में चार घंटे बिजली कटौती की गई। भट्टू रोड 33 केवी सब स्टेशन के इंचार्ज नरेश कुमार ने बताया कि दोपहर 3 बजे तक व शाम को 7 से 10 बजे तक निगम का सर्वाधिक लोड होता है जिससे ओवरलोड होकर यह समस्याएं आती हैं। 33 केवी सब स्टेशन का 15 केवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने पर उसे ठंडा करने के लिए कूलर लगाए गए। उन्होंने कहा कि जब तक बारिश नहीं आती, तब तक लोड कम नहीं होगा।
बारिश न होने से निगम का लोड बढ़ गया है। लोगों ने अपने घरों में एसी चला रखे हैं। ऐसे में बिजली खपत बढ़ना स्वाभाविक है। बारिश होते ही बिजली समस्या भी खत्म हो जाएगी। -धीरज झोरड़, एसडीओ, डीएचबीवीएन, फतेहाबाद।