फतेहाबाद। फतेहाबाद रोड टोहाना में अतिक्रमण हटाने को लेकर हुए विरोध के बाद सुर्खियों में आए आरटीए सचिव संजय बिश्नोई से डीएमसी का चार्ज वापस ले लिया गया है। 31 अक्तूबर को सीएम नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम से पहले सरकार ने ये कार्रवाई की है।
आरटीए संजय बिश्नोई को जिला नगर आयुक्त का चार्ज दिया हुआ था। हालांकि नए डीएमसी को लेकर अभी कोई आदेश जारी नही हुए है। डीएमसी संजय बिश्नोई के खिलाफ भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा और राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने सीएम को शिकायत भेज रखी थी। बताया जा रहा है कि इसी को लेकर कार्रवाई हुई है।
फतेहाबाद और टोहाना में बाजार रहे थे बंद
जिला नगर आयुक्त की तरफ से फतेहाबाद शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। इसके तहत नगर परिषद ने बाजार में शेड तोड़े थे और फुटपाथ पर बने रैंप को तोड़ा गया था। इसके अलावा टोहाना में भी अतिक्रमण हटाओ को लेकर कार्रवाई की गई थी। इसको लेकर टोहाना में बाजार बंद रखा गया था।
इसके बाद फतेहाबाद में भी व्यापार मंडल द्वारा दशहरा पर्व पर बाजार बंद रखा था। 26 अक्तूबर को व्यापार मंडल की ओर से टोहाना में सम्मेलन भी रखा गया है इससे पहले सरकार ने संजय बिश्नोई से डीएमसी का चार्ज वापस ले लिया है।