फतेहाबाद बस स्टैंड चौकी में आरोपी युवक को गिरफ्त में लिए हुए एसएचओ सुरेंद्र कंबोज व अन्य पुलिसकर?
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। फतेहाबाद पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के एक सदस्य को काबू किया है। आरोपी युवक की पहचान राजेश के रूप में है और वह राजस्थान के नोहर इलाके का रहने वाला है। शहर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आठ बाइक व स्कूटी बरामद की है। आरोपी राजेश को कोर्ट में पेश किया गया जहां कोर्ट ने उसे दो दिन के रिमांड पर भेजा है। आरोपी युवक ने प्राथमिक पूछताछ में बताया है कि वह और उसका दोस्त अपने शौक पूरे करने के लिए बाइक चुराते हैं। पुलिस दूसरे युवक की तलाश में जुट गई है।
बस स्टैंड चौकी में शनिवार सुबह पत्रकारवार्ता में सिटी एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि बीती शाम सिटी थाने के हेड कांस्टेबल नवीन व रामनिवास अपनी टीम के साथ भट्टू रोड बाईपास पर नाकेबंदी कर बाइकों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान वहां पर खड़े मताना निवासी विनोद ने एक बाइक को देखकर शोर मचाया कि ये बाइक उसकी है जो कुछ दिन पहले पपीहा पार्क से चोरी हो गई थी। इतना सुनते ही पुलिस टीम ने उक्त युवक को रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उक्त युवक ने भागने का प्रयास किया जिसे पुलिस टीम ने विफल करते हुए उसे बाइक सहित धर दबोचा। एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि आरोपी युवक राजेश ने पूछताछ में बताया है कि वो सिरसा जिले में और उसका दूसरा साथी फतेहाबाद इलाके में बाइक चुराता है और विभिन्न गांवों में औने-पौने दामों में बेच आते हैं। जिनसे वो अपने शौक पूरे करते हैं। आरोपी ने बताया कि अब तक वह एक दर्जन के करीब बाइक चुरा चुका है। पुलिस को उसके कब्जे से जो आठ बाइक स्कूटी मिली हैं, उसमें एक फतेहाबाद की है जबकि चार सिरसा की हैं और तीन नोहर इलाके की हैं। आरोपी के बारे में सिरसा पुलिस व राजस्थान पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है।
सिरसा रोड पर एक कमरे में बनाया हुआ था गोदाम, पांच-पांच हजार में बेच देते थे बाइक
एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि आरोपी युवक ने सिरसा रोड पर एक कमरे में अपना गोदाम बनाया हुआ था। इस गोदाम में वो फतेहाबाद-सिरसा से चुराई हुई बाइक खड़ी कर देते थे और कुछ दिन के बाद आसपास और सिरसा के गांवों में जाकर बेच देते थे। कंबोज ने बताया कि आरोपी युवक का कहना है कि वो पांच-पांच हजार में भी अच्छी खासी बाइक को बेच देते थे।
दूसरे युवक की पहचान हुई, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित
एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि आरोपी राजेश के दूसरे साथी की पहचान हो चुकी है। उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और बहुत जल्द दूसरे आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इन दोनों के और बहुत कारनामों का खुलासा होने की संभावना है।