फतेहाबाद में सिरसा रोड पर अनाजमंडी गेट के पास मिले चालक के शव की जांच करते हुए पुलिसकर्मी
फतेहाबाद। शहर के सिरसा रोड स्थित नई अनाजमंडी के पास ट्रक चालक का शव सड़क पर पड़ा मिला। शव के पास ही चालक का ट्रक खड़ा था। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस पहुंची और जांच की तो शरीर पर चोटों के निशान मिले। इसके अलावा मुंह से भी खून निकला हुआ मिला। चालक की पहचान जिला भिवानी के सिवानी क्षेत्र के गांव बडुआ निवासी वीरसिंह के रूप में हुई।पुलिस ने मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। परिजनों के पहुंचने के बाद शव को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने किसी से रंजिश से इन्कार किया। पुलिस ने मृतक के भाई संजीव के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया। गाड़ी के मालिक गांव चंद्रावल निवासी कुलदीप ने बताया कि वीरसिंह उसके ट्रक पर ड्राइवर था। वीरसिंह हरिद्वार से ग्लूकोज की सप्लाई लेकर सिरसा गया था। सिरसा से गाड़ी को खाली करके फतेहाबाद के लिए देर रात को चला था। रात करीब पौने एक बजे सिरसा में टोल पर रिचार्ज भी करवाया था। इसके बाद सुबह अनाजमंडी के गेट के आगे शव मिला।
कोट -
अनाजमंडी के गेट के आगे शव मिला था। मृतक की पहचान करके परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करवाकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है।
-महेंद्र सिंह, शहर थाना प्रभारी