बदमाश अमन कुमार को गिरफ्तार करके ले जाती पुलिस।
भूना (फतेहाबाद)। शराब ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा पर अक्तूबर 2024 में फायरिंग कर जानलेवा हमले में रेकी के आरोपी भांभू गैंग के गुर्गे अमन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 12 बोर की पिस्तौल बरामद की।
इससे पहले ठेकेदार पर हमले के मामले में पुलिस सुशील उर्फ शीलू, सन्नी भूना, बिट्टू उर्फ कन्नू धारसूल कलां और अजय उर्फ ढोला चमारखेड़ा को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। रिमांड के दौरान पुलिस ने इन आरोपियों से आठ पिस्तौल, 20 जिंदा कारतूस और 9 खाली कारतूस भी बरामद किए थे।
वार्ड नंबर नौ भूना निवासी अमन कुमार शनिवार को पुलिस को डूल्ट बस स्टैंड के पास मिला। वह पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में वह हत्या के प्रयास मामले में रेकी करने वाला निकला। तलाशी में उसकी पैंट की जेब से 12 बोर का पिस्तौल मिला। इसलिए अमन भूना को अवैध शस्त्र को लेकर हिरासत में ले लिया गया। पुलिस रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी।
कुख्यात विक्रम गैंगवार से लंबे समय से जुड़ा है अमन : पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में विक्रम भांभू ने गोरखपुर गांव में शराब ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा पर फायरिंग की थी। ठेकेदार ने विक्रम भांभू के खिलाफ कोर्ट में गवाही दी थी। इसी कारण विक्रम भांभू को 10 साल की सजा हुई। ठेकेदार को दूसरे जानलेवा हमले के मामले में भी गवाही देनी थी। इसलिए विक्रम भांभू ने उस पर दोबारा हमला करवाया लेकिन फायरिंग में ठेकेदार बाल-बाल बच गया था। ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा ने बताया कि विक्रम भांभू ने उनके ठेके पर आकर दबाव बनाने की कोशिश की थी। शराब बिक्री की आमदनी में हिस्सा मांगने और हर महीने मोटी रकम देने के लिए धमकाया गया। ठेकेदार के मना करने पर सितंबर 2021-22 में दो बार जानलेवा हमला किया गया। एक हमले में ठेकेदार के पांव में गोली लगी थी। तभी से विक्रम भांभू से उनकी रंजिश चल रही है।
जांच अधिकारी सुरेंद्रा ने बताया कि कार में आए चार बदमाशों ने जांडली कलां बस स्टैंड पर शराब ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा पर जानलेवा हमला किया गया था। तब पुलिस ने घटनास्थल से 315 बोर का एक पिस्तौल और नौ खाली कारतूस बरामद किए थे। सीआईए फतेहाबाद और भूना पुलिस हमलावरों की तलाश में लगातार लगी थी। इसी दौरान कार चालक बिट्टू उर्फ कन्नू धारसूल कलां, अजय उर्फ ढोला चमारखेड़ा, सुशील उर्फ शीलू और सन्नी भूना को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।