उपमंडल के गांव महमड़ा के पास से गुजरने वाली मुख्य भाखड़ा नहर ब्रांच की स्थिति काफी दयनीय है। नहर कई जगहाें से टूटी पड़ी है। इसमें कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे भी हो गए हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्र में नहर टूट जाने से पहले भी कई हादसे घटित हो चुके हैं, जिससे किसानों की फसल के साथ-साथ विभाग को भी काफी आर्थिक नुकसान हो चुका है। वहीं नहर के ऊपर बना पुल भी कंडम स्थिति में है। इस पुल के ऊपर से दिन में सैकड़ों वाहनों का आवागमन रहता है।
इस पुल से हरियाणा-पंजाब के दर्जनों गांव एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। पुल में कई जगहों पर दरारें आ गई हैं और कई जगहों से मिट्टी भी निकलनी शुरू हो चुकी है। ध्यान देने वाली बात यह है कि दर्जनों गांवों के लोगों ने कई बार प्रशासन व सिंचाई विभाग को इस बारे में अवगत करवाया है, लेकिन विभाग ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। हालांकि समस्या के समाधान के बारे में सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया।
नहर विभाग के कार्यकारी अभियंता एसके जनेवा ने कहा कि भाखड़ा ब्रांच नहर बारे पहले उनके पास कोई जानकारी नहीं थी। अब आपने बताया है। वह कल मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे। जो भी कमियां हैं उसे दुरू स्त करवाया जाएगा।