फतेहाबाद। गांव भिरड़ाना में चंदे के हिसाब को लेकर हुए झगड़े मेंं एक दुकानदार की पिटाई करने का आरोप है। मारपीट में घायल हुए दुकानदार का उपचार अग्रोहा मेडिकल में चल रहा है। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव भिरड़ाना निवासी भूषण कुमार ने बताया कि वह गांव में फ्रूट-सब्जी की दुकान करता है। 9 अप्रैल को वह अपने घर के बाहर बनी दुकान में था। उसी समय गांव का ही सुनील कुमार डॉ. आंबेडकर जयंती के प्रोग्राम के लिए चंदा मांगने के लिए आया। गुरु रविदास की जयंती के पुराने हिसाब को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। उस समय सुनील वहां से चला गया।
आरोप है कि इसी बात को लेकर तरसेम लाल दुकान पर आया ओर धमकी देकर चला गया। कुछ ही देर बाद तरसेमलाल, रमनदीप, सुनील कुमार, शोभराज व ओम प्रकाश निवासी भिरड़ाना उसकी दुकान पर आए और आते ही मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर परिजन वहां पहुंचे और उक्त लोगों से उसे छुड़वाया। जिसके बाद घायल दुकानदार को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया गया।